लॉकडाउन में पंजाब पुलिस निभा रही मानवता की सेवा
कोरोना वायरस को खत्म करने के लिए देशभर में लॉकडाउन लागू है। ऐसे में राज्य में जारी कर्फ्यू के दौरान पुलिस कर्मचारी प्रशासन के दिशा निर्देश फॉलो करवाने के लिए कड़ा रुख अपना रहे हैं।
चेतन भगत, कुराली
कोरोना वायरस को खत्म करने के लिए देशभर में लॉकडाउन लागू है। ऐसे में राज्य में जारी कर्फ्यू के दौरान पुलिस कर्मचारी प्रशासन के दिशा निर्देश फॉलो करवाने के लिए कड़ा रुख अपना रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर मुलाजिमों द्वारा अपने स्तर पर जरूरतमंद लोगों की सहायता भी की जा रही है। मानवता के सेवार्थ ऐसी ही मिसाल पेश कर रहे हैं कुराली थाना सिटी के पूर्व प्रभारी सब इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह जो जरूरतमंद लोगों को राशन का सामान मुहैया करवा रहे हैं। रास्ते में बांटते हैं राशन का सामान
सब इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह ने बताया कि लॉकडाउन के शुरुआती दौर में वह कुराली थाना सिटी प्रभारी के तौर पर तैनात थे। संकट की इस घड़ी में उन्होंने कुराली के स्लम एरिया में लोगों को राशन का सामान पहुंचाने का बीड़ा उठाया था। अब उनका ट्रांसफर नयागांव थाने में हो गया जो उनके रंगिया (मोरिडा) स्थित उनके आवास से करीब 35 किलोमीटर की दूरी पर है। कुलवंत सिंह के अनुसार वह आटा, दाल, नमक, मिर्च, हल्दी, चाय पत्ती, चीनी जैसे जरूरी सामान की 15 किट तैयार करवा उसे थाने जाने के दौरान अपनी कार में रखकर निकलते हैं। घर से थाने तक 35 किलोमीटर के सफर के दौरान रास्ते में उन्हें जो भी जरूरतमंद व्यक्ति मिलता है उसे वह राशन का सामान देते हैं।
वाहेगुरु की इच्छा तक जारी रखेंगे सेवा
सब इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह का कहना था कि बचपन में देखी गरीबी आज भी उन्हें याद है। वाहेगुरु की कृपा से समय बदला और अब वाहेगुरु ने उन्हें किसी की सेवा करने के लायक बनाया है और उन्हीं के आदेश से वह मानवता के प्रति अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। कुलवंत सिंह का कहना था कि संकट की इस घड़ी में जब तक वाहेगुरु का हुक्म होगा वह जरूरतमंदों के प्रति अपनी सेवा को निर्विघ्न जारी रखेंगे।