विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब कांग्रेस की चुनौतियां कैसी होंगी खत्म? नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह ने बताया पूरा प्लान, बोले- मैं टीम का फुल बैक

Published: Sun, 04 Oct 2026 06:07 AM (IST)

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने कहा कि वे पार्टी में किसी एक व्यक्ति के बजाय पूरी टीम को साथ ...और पढ़ें

नवनियुक्त पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह। फाइल फोटो

नवनियुक्त पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह। फाइल फोटो

HighLights

  1. परगट सिंह ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद की कमान संभाली।

  2. कहा, सभी फैसले सर्वसम्मति से पंजाब के हित में होंगे।

  3. नफरत और लूट की राजनीति के खिलाफ एजेंडा तय किया।

डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस की नई कमान संभालने के बाद प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह ने शनिवार को साफ कर दिया कि वह पार्टी में किसी एक व्यक्ति के बजाय पूरी टीम को साथ लेकर चलेंगे।

दिल्ली पहुंचने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह हमेशा हॉकी में फुल बैक की भूमिका में खेले हैं और राजनीति में भी उनकी भूमिका टीम को पीछे से मजबूती देने की होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी में कई अच्छे खिलाड़ी हैं और सभी महत्वपूर्ण फैसले सर्वसम्मति से पंजाब के हित को ध्यान में रखकर लिए जाएंगे।

वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर चलने का संदेश

परगट सिंह ने प्रदेश कांग्रेस में चल रही गुटबाजी को लेकर कहा कि कांग्रेस एक टीम है और सभी वरिष्ठ नेता इस टीम के खिलाड़ी हैं। उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के करीब साढ़े चार साल के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि वड़िंग ने पार्टी के लिए मेहनत की और अच्छा काम किया। उन्होंने कहा कि वड़िंग भी टीम का हिस्सा हैं और वह सभी वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करते हैं। उनके अनुसार मुद्दा आपसी मतभेद नहीं, बल्कि पंजाब है।

परगट ने कहा कि वह टीम में सबसे आगे रहने के बजाय वरिष्ठ नेताओं को आगे रखेंगे। उनका कहना था कि पंजाब के हित में काम करने वाला हर व्यक्ति कांग्रेस में वापस आ सकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब आने वाले समय में और मजबूत होगा तथा देश के सामने नया उदाहरण पेश करेगा।

नफरत और लूट की राजनीति के खिलाफ एजेंडा

नए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब के लोगों ने हमेशा नफरत की राजनीति को नकारा है और आगे भी इसे स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने प्रदेश में सकारात्मक, रचनात्मक और मुद्दा आधारित राजनीति करने की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब की संपत्तियों और खजाने को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जों और सरकारी संपत्तियों के इस्तेमाल के कारण राज्य का खजाना प्रभावित हो रहा है। उन्होंने पंजाब के लोगों से राज्य के हित में खड़े होने का आह्वान किया।

बोले- लोकतंत्र की बहाली के लिए लड़ेंगे

परगट सिंह ने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी की टीम है और पार्टी देश में रचनात्मक राजनीति को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने मौजूदा राजनीतिक हालात पर टिप्पणी करते हुए कहा कि देश में तानाशाही जैसी स्थिति है और लोकतंत्र को फिर मजबूत करने के लिए संघर्ष करना होगा। कांग्रेस हाईकमान का आभार जताते हुए उन्होंने मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल और सोनिया गांधी का धन्यवाद किया।

भारतीय महिला हॉकी टीम के स्वर्ण पदक जीतने को उन्होंने अपने नए दायित्व के बाद मिला शानदार तोहफा बताया। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में पंजाब कांग्रेस की टीम में व्यापक सक्रियता दिखाई देगी। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता संगठन को एकजुट कर जनता से जुड़े मुद्दों को चुनावी एजेंडे के केंद्र में लाना होगी।