दैवीय आपदा में भी मिलेगा मोटर दुर्घटना का मुआवजा, एक्ट ऑफ गॉड बताकर नहीं बच सकेंगी कंपनिया; हाई कोर्ट का बड़ा फैसला
पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है कि दैवीय आपदा से हुए हादसों में भी पीड़ितों को मुआवजे से वंचित नहीं किया जा सकता।

दैवीय आपदा से हादसा हुआ हो, तब भी पीड़ितों को मुआवजे का अधिकार: हाई कोर्ट।
HighLights
दैवीय आपदा से हुए हादसों में भी मुआवजा मिलेगा
हाईकोर्ट ने नो-फाल्ट मुआवजे के प्रावधान स्पष्ट किए
पीड़ित परिवार को 2.5-2.5 लाख रुपये देने का आदेश
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने मोटर दुर्घटना मुआवजे को लेकर महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया है कि यदि किसी हादसे का कारण दैवीय आपदा (एक्ट ऑफ गॉड) हो, तब भी पीड़ितों को बिना गलती के मुआवजा पाने के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता।
अदालत ने कहा कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत नो-फाल्ट मुआवजे का उद्देश्य दुर्घटना में प्रभावित लोगों को राहत देना है। इसके लिए यह साबित करना जरूरी नहीं कि हादसा किसी व्यक्ति की लापरवाही से ही हुआ था।
1997 में हिमाचल के डल्होजी में एक कार पर ऊपर से बर्फ गिरने के कारण उसमें सवार लोग घायल हो गए थे। इस हादसे के बाद प्रभावित परिवार की ओर से मुआवजे की मांग की गई थी। मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल अमृतसर ने दावा खारिज कर दिया था।
विवाद का मुख्य प्रश्न यह था कि जब दुर्घटना किसी प्राकृतिक घटना के कारण हुई हो और उसमें किसी की गलती न हो, तो क्या पीड़ितों को मोटर दुर्घटना मुआवजा मिल सकता है। हाई कोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान मोटर वाहन अधिनियम में निर्धारित नो-फॉल्ट दायित्व के प्रावधानों पर विचार किया।
अदालत ने स्पष्ट किया कि इस व्यवस्था का मकसद दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल आर्थिक राहत उपलब्ध कराना है। केवल इस आधार पर मुआवजे से इन्कार नहीं किया जा सकता कि दुर्घटना किसी प्राकृतिक घटना या दैवीय आपदा के कारण हुई थी।
हाई कोर्ट ने मामले के तथ्यों और कानूनी प्रावधानों पर विचार करने के बाद प्रभावित परिवार के पक्ष में फैसला सुनाया। अदालत ने प्रत्येक पात्र परिवारजन को 2.5-2.5 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।