विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहाली के जीरकपुर में नेचर पार्क में मिली गर्दन कटी लाश; सैर के लिए आए लोगों में दहशत फैली, हत्या की आशंका

Published: Thu, 08 Oct 2026 11:40 AM (IST)

जीरकपुर के पीरमुछल्ला स्थित नेचर पार्क में वीरवार सुबह एक गर्दन कटी लाश मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस और ...और पढ़ें

पीरमुछल्ला स्थित नेचर पार्क में गर्दन कटी लाश मिलने पर मौके पर जांच करती पुलिस।

 पीरमुछल्ला स्थित नेचर पार्क में गर्दन कटी लाश मिलने पर मौके पर जांच करती पुलिस।

HighLights

  1. जीरकपुर के नेचर पार्क में गर्दन कटी लाश मिली।

  2. शव से सिर अलग, मृतक की पहचान नहीं हो पाई।

  3. पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है।

मेजर अली, जीरकपुर (मोहाली)। जीरकपुर के पीरमुछल्ला स्थित नेचर पार्क में वीरवार सुबह गर्दन कटी लाश मिली। पार्क में सैर के लिए आए लोगों और पार्क के आसपास रहने वाले परिवारों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी।

मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। गर्दन धड़ से अलग मिलने के कारण प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी नतीजे की पुष्टि नहीं की है।

पुलिस को घटना की जानकारी सुबह करीब नौ बजे मिली। सैर के लिए आए लोगों में से किसी ने पुलिस को फोन किया। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र को घेरकर जांच की। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। नेचर पार्क के मुख्य गेट पर ताला भी नहीं लगा हुआ था।

पार्क में हरियाणा की तरफ से आने का रास्ता है, जबकि पंचकूला की तरफ से भी यहां पहुंचा जा सकता है। ऐसे में पुलिस दोनों तरफ से पार्क में आने-जाने वाले रास्तों और आसपास की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।

वारदात पार्क में हुई या शव यहां लाया गया

पुलिस के सामने सबसे अहम सवाल मृतक की पहचान और शव के पार्क तक पहुंचने का है। जांच की जा रही है कि हत्या पार्क के अंदर ही की गई या किसी अन्य स्थान पर वारदात को अंजाम देने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना जांच में अहम साबित हो सकता है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

पोस्टमार्टम से स्पष्ट होगी मौत की वजह

शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह तथा घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गर्दन किस तरह काटी गई और घटना के पीछे क्या कारण था।