हवारा के पिता का AI से बनाया अश्लील वीडियो वायरल, कौमी इंसाफ मोर्चा बोला-छवि खराब करने की कोशिश
जगतार सिंह हवारा के पिता गुरचरण सिंह का एआई से बना अश्लील वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ है। गुरचरण ...और पढ़ें

2023 से मोहाली में चल रहे कौमी इंसाफ मोर्चे के प्रमुख चेहरा हैं गुरचरण सिंह। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
गुरचरण सिंह का एआई से बना अश्लील वीडियो वायरल।
कौमी इंसाफ मोर्चे ने इसे साजिश बताया, पुलिस में शिकायत।
मोहाली साइबर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, मोहाली। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड में दोषी जगतार सिंह हवारा के पिता गुरचरण सिंह का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से बनाकर अश्लील वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है।
गुरचरण सिंह कौमी इंसाफ मोर्चे के संरक्षक हैं तो ऐसे में मोर्चा उनके पक्ष में खड़ा हो गया है। मोर्चे ने इसे गुरचरण सिंह की सामाजिक और सार्वजनिक छवि खराब करने की साजिश बताते हुए मोहाली साइबर पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बेअंत सिंह हत्याकांड में दोषी है हवारा
जगतार सिंह हवारा को 31 अगस्त 1995 को चंडीगढ़ स्थित पंजाब सिविल सचिवालय के बाहर हुए बम धमाके और तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था।
इस धमाके में बेअंत सिंह समेत 18 लोगों की मौत हुई थी। वर्ष 2007 में विशेष अदालत ने हवारा को फांसी की सजा सुनाई थी। बाद में 2010 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने उसकी फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था।
बुड़ैल जेल से सुरंग बनाकर हुआ था फरार
हवारा वर्ष 2004 में चंडीगढ़ की बुड़ैल जेल से सुरंग बनाकर फरार हो गया था। इस घटना में उसके साथ दो अन्य कैदी भी जेल से भागे थे। हालांकि, वर्ष 2005 में उसे दिल्ली से दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। वह फिलहाल दिल्ली की मंडोली जेल में बंद है।
गुरचरण कौमी इंसाफ मोर्चे का प्रमुख चेहरा
गुरचरण सिंह मूल रूप से पटियाला जिले के रहने वाले हैं। वह सात जनवरी 2023 से मोहाली में चल रहे कौमी इंसाफ मोर्चे के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं। मोर्चे की प्रमुख मांग सजा पूरी कर चुके बंदी सिखों की रिहाई है। इसके अलावा सिख समुदाय से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर भी सरकार से इंसाफ की मांग की जा रही है।
छवि खराब करने की साजिश का लगाया आरोप
गुरचरण सिंह ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि एआई की मदद से उनकी फर्जी अश्लील वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर डाली गई। उन्होंने फतेहगढ़ साहिब जिले के एक व्यक्ति पर पुरानी रंजिश के चलते इस साजिश में शामिल होने का संदेह जताया है।
हालांकि, इस आरोप की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। उन्होंने यूट्यूब समेत सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से वीडियो हटवाने और इसके पीछे शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है। मोहाली साइबर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं 294, 352 और 356(3) तथा आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत केस दर्ज किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।