हरियाणा में स्कूली बच्चों के लिए जरूरी खबर, इस बार फरवरी में नहीं होंगी मुख्य विषयों की वार्षिक परीक्षाएं
हरियाणा में जनगणना कार्य के कारण इस बार फरवरी में स्कूलों की मुख्य विषयों की वार्षिक परीक्षाएं नहीं होंगी। शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी को देखते हुए 1 मार्च से पहले परीक्षा न कराने का आदेश दिया है।

एक मार्च से पहले मुख्य विषयों की परीक्षाएं नहीं कराने का आदेश जारी। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
जनगणना के कारण फरवरी में नहीं होंगी मुख्य परीक्षाएं।
शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी के चलते लिया गया फैसला।
मुख्य विषयों की परीक्षाएं 1 मार्च के बाद होंगी।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में जनगणना के दूसरे चरण के तहत 25 जनवरी से 28 फरवरी तक जनसंख्या की गणना के काम के चलते इस बार स्कूलों में फरवरी में मुख्य विषयों की वार्षिक परीक्षाएं नहीं हो सकेंगी।
स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के साथ ही सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और मौलिक शिक्षा अधिकारियों को एक मार्च से पहले मुख्य विषयों की परीक्षाएं नहीं कराने का आदेश दिया है।
विभाग ने यह फैसला जनगणना कार्य में शिक्षकों की बड़े स्तर पर ड्यूटी लगाए जाने की संभावना को देखते हुए लिया है। जनगणना का पहला चरण यानी मकान सूचीकरण एवं आवास जनगणना का काम पूरा हो चुका है।
जनसंख्या की गणना में अधिकतर कर्मचारी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों में से लगाए जाएंगे। इसके अलावा माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकों की भी बड़ी संख्या में जनगणना कार्य में ड्यूटी लगाई जाएगी।
इसी अवधि में शिक्षकों की व्यस्तता को ध्यान में रखते हुए विभाग ने मुख्य विषयों की परीक्षाओं का कार्यक्रम एक मार्च से पहले निर्धारित नहीं करने के निर्देश दिए हैं। राज्य भर में जनसंख्या गणना 25 जनवरी से 28 फरवरी तक निर्धारित की गई है।
इसके पश्चात एक से पांच मार्च तक पांच दिवसीय पुनरीक्षण (रिविजनल) दौर आयोजित किया जाएगा, जिस दौरान छूटे हुए व्यक्तियों की पहचान, विसंगतियों का सुधार और व्यापक कवरेज सुनिश्चित किया जाएगा। जनगणना की संदर्भ तिथि एवं समय एक मार्च को रात्रि 12 बजे निर्धारित किया गया है।
मुख्य जनसंख्या गणना अभियान से पहले नागरिकों के पास 10 से 24 जनवरी तक स्व-गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। स्व-गणना की इस सुविधा से नागरिकों को अपनी जानकारी पहले ही ऑनलाइन दर्ज करने का अवसर मिलेगा, जबकि इसके बाद शुरू होने वाला मुख्य जनसंख्या गणना अभियान राज्यभर के सभी परिवारों को कवर करेगा।
ऑनलाइन स्व-गणना करने वाले परिवारों की जानकारी का भी प्रगणकों द्वारा घर जाकर सत्यापन किया जाएगा, ताकि डिजिटल माध्यम से दर्ज विवरणों की क्षेत्रीय स्तर पर पुष्टि हो सके।