हरियाणा CM के काफिले में शामिल फायर ब्रिगेड की गाड़ी गहरी खाई में गिरी, ड्राइवर समेत दो घायल; मोरनी में हादसा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मोरनी दौरे के दौरान उनके काफिले में शामिल फायर ब्रिगेड की गाड़ी मोरनी-थापली ...और पढ़ें

मोरनी-थापली मार्ग पर हादसा।
HighLights
मुख्यमंत्री नायब सैनी के काफिले में हुआ सड़क हादसा।
फायर ब्रिगेड की गाड़ी मोरनी-थापली मार्ग पर खाई में गिरी।
हादसे में ड्राइवर सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल।
संवाद सहयोगी, मोरनी (पंचकूला)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मोरनी दौरे के दौरान मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। मुख्यमंत्री के काफिले में शामिल फायर ब्रिगेड की गाड़ी मोरनी-थापली मार्ग पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में गाड़ी में सवार ड्राइवर सहित दो लोग घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पंचकूला में भर्ती करवाया गया है। मुख्यमंत्री मंगलवार को मोरनी स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय राज्यस्तरीय प्राकृतिक एवं जैविक खेती किसान मेले का शुभारंभ करने पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था के तहत विभिन्न विभागों की गाड़ियां भी काफिले में शामिल थीं। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद जब मुख्यमंत्री का काफिला मोरनी से पंचकूला की ओर लौट रहा था, तभी थापली के पास फायर ब्रिगेड की गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गाड़ी में सवार दोनों लोगों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में गाड़ी को भी काफी नुकसान पहुंचने की आशंका है। फिलहाल दोनों घायलों का नागरिक अस्पताल पंचकूला में उपचार चल रहा है।
फायर ब्रिगेड की गाड़ी किस कारण अनियंत्रित हुई, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। मोड़ पर संतुलन बिगड़ने या तकनीकी खराबी सहित हादसे के संभावित कारणों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।