विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में 650 करोड़ के बैंक घोटाले का मास्टरमाइंड CBI के हत्थे चढ़ा, डांसर को हर महीने देता था 10 लाख

Published: Tue, 29 Sep 2026 08:01 PM (IST)

सीबीआई ने हरियाणा-चंडीगढ़ के 650 करोड़ के बैंक घोटाले के मास्टरमाइंड रिभव ऋषि और एक महिला डांसर के बीच संबंधों का खुलासा किया है।

बैंक घोटाले के मास्टर माइंड ने महिला डांसर पर लुटाए पैसे।

बैंक घोटाले के मास्टर माइंड ने महिला डांसर पर लुटाए पैसे।

HighLights

  1. सीबीआई ने रिभव ऋषि और डांसर के संबंधों का खुलासा किया

  2. ऋषि ने महिला पर 56 लाख मासिक और 3.10 करोड़ घर पर खर्च किए

  3. लक्जरी होटल, विदेश यात्राएं और महंगी कार भी बुक की

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। हरियाणा व चंडीगढ़ के सरकारी विभागों में हुए करीब साढे छह सौ करोड़ के बैंक घोटाले की जांच के दौरान सीबीआई ने कई परतें खोल दी हैं। जांच में इस घोटाले के मास्टरमाइंड एवं मुख्य आरोपी रिभव ऋषि की एक महिला डांसर से करीबी और उस पर किए गए भारी खर्च का भी खुलासा हुआ है।

सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में इस बात का खुलासा किया है। ऋषि ने अगस्त 2025 से जनवरी 2026 के बीच महिला को हर माह 10 लाख रुपये दिए। महिला ने जांच एजेंसी को बताया कि ऋषि ने उसे डांस का काम छोड़ने के बदले यह रकम देने का वादा किया था। छह माह में उसे कुल 56 लाख रुपये दिए गए।

खुद को बताया था आईडीएफसी फर्स्ट बैंक का ब्रांच मैनेजर

सीबीआई के अनुसार ऋषि की मुलाकात महिला से मार्च-अप्रैल 2025 में चंडीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी, जहां वह प्रस्तुति दे रही थी। इसके बाद आठ मई को जयपुर में एक फॉर्महाउस पार्टी में दोनों की दोबारा मुलाकात हुई। पांच जुलाई को मुंबई के सेंट रेजिस होटल में ऋषि ने कथित तौर पर उससे प्रेम का इजहार किया। महिला के अनुसार, उसने खुद को इवेंट प्लानर और चावल के आयात-निर्यात से जुड़ा कारोबारी बताया।

उसने यह भी कहा कि वह आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में ब्रांच मैनेजर है। महिला ने सीबीआई को बताया कि ऋषि ने उससे शादी करने के लिए अपनी पत्नी से तलाक लेने की बात कही थी। 18 जुलाई 2025 को उसने दिल्ली के द्वारका में उसके लिए मकान खरीदने के लिए एक लाख रुपये टोकन मनी दी।

मकान के लिए नकद दिए 3.10 करोड़

मकान के लिए 3.10 करोड़ रुपये नकद दिए गए। इसमें उसने 49 लाख रुपये दिए, जबकि बाकी रकम ऋषि ने दी। 90 लाख रुपये की और राशि दी जानी थी, जिसमें से 65 लाख रुपये का भुगतान हो चुका था। महिला के अनुसार, वह दो जनवरी 2026 से इस मकान में रह रही है।

दोनों के साथ रहने के दौरान चंडीगढ़ के नोवोटेल, हॉलिडे इन और हयात, दिल्ली के अंदाज, जे डब्ल्यू मैरियट और आईटीसी मौर्या तथा गोवा के ताज होटल में ठहरने की जानकारी भी सामने आई है। अगस्त 2025 में ऋषि और महिला अन्य आरोपियों तथा कुछ डांसरों के साथ मकाऊ और फिर थाईलैंड गए।

दुबई जाकर बुक की टोयोटा लैंड क्रूजर

महिला ने जांच एजेंसी को बताया कि ऋषि उसे दुबई एयरपोर्ट के पास बने एक नए चार बेडरूम वाले डुप्लेक्स में भी ले गया था। उसने कहा था कि पांच से दस साल बाद वह उसके साथ दुबई में बसना चाहता है और इसी वजह से उसने वह मकान पसंद किया था। जनवरी 2026 में दोनों फिर दुबई गए, जहां ऋषि ने टोयोटा लैंड क्रूजर बुक की।

यह भी पढ़ें- हरियाणा 657 करोड़ का बैंक घोटाला, CBI ने खोला सरकारी धन की मनी ट्रेल का राज; शेल कंपनियों से ज्वेलर तक पहुंचे 329 करोड़

यह भी पढ़ें- IDFC बैंक घोटाला: 2 दिन के रिमांड के बाद सीनियर IAS पंकज अग्रवाल भेजे गए जेल, 6 और बड़े अधिकारी रडार पर