'सिखों का कत्लेआम किया गया...', केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी का कांग्रेस पर हमला; चंडीगढ़ में 1984 के दंगों का दर्द किया साझा
चंडीगढ़ में केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने कांग्रेस पर 1984 के सिख विरोधी दंगों, आपातकाल और ईवीएम के मुद्दे पर ...और पढ़ें

चंडीगढ़ में भाजपा की पदयात्रा में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी।
HighLights
बोले- दिल्ली में 2700 लोगों की निर्मम हत्या हुई थी।
आपातकाल और ईवीएम मुद्दों पर भी कांग्रेस पर हमला।
केंद्र सरकार के विकास कार्यों और उपलब्धियों का उल्लेख किया।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी वीरवार को चंडीगढ़ पहुंचे। उन्होंने आपातकाल, 1984 के सिख विरोधी दंगों और ईवीएम के मुद्दे पर कांग्रेस को जमकर घेरा।
1984 के सिख विरोधी दंगों का दर्द साझा करते हुए पुरी ने कहा कि एक नवंबर को दिल्ली में 2700 लोगों की निर्मम हत्या हुई थी। सिखों के घरों के पते निकाल-निकालकर उनका कत्लेआम किया गया।
उन्होंने कहा कि उस समय दिल्ली में छह हजार फौजी तैनात थे, लेकिन इसके बावजूद यह नरसंहार हुआ और देशभर में 3600 से अधिक लोग 'कोल्ड ब्लड' में मारे गए। केंद्रीय मंत्री ने याद दिलाया कि दिल्ली हाईकोर्ट ने भी अपने फैसले में स्पष्ट कहा था कि ये दंगे नहीं थे, बल्कि सुनियोजित 'कोल्ड ब्लड' हत्याएं थीं।
पुरी ने कहा कि हम नहीं चाहते कि देश में इस प्रकार की त्रासदी फिर कभी दोहराई जाए। उन्होंने कहा कि जो लोग आज लोकतंत्र के रक्षक बनते हैं, उनसे वे पूछना चाहते हैं कि 1975 में कांग्रेस ने देश में इमरजेंसी क्यों लगाई थी?
पुरी ने कहा कि कांग्रेस ने केवल अपनी सरकार बचाने के लिए आपातकाल थोपा था, लेकिन 1977 के चुनावों में जब जनता ने वोट के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त कीं, तो उनकी सरकार गिर गई।
‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा
हरदीप सिंह पुरी भाजपा की ओर से मनीमाजरा में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में मुख्य रूप से शामिल हुए और मनीमाजरा स्थित शिवालिक गार्डन के सामने आयोजित जनसभा को संबोधित किया।
उन्होंने आगे कहा कि आज कांग्रेस की स्थिति यह है कि वह जहां भी चुनाव हारती है, वहां वोट चोरी के झूठे आरोप लगाने लगती है और लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ करती है।
केंद्र सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख
केंद्र की भाजपा सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए पुरी ने कहा कि वर्ष 2014 से लेकर आज 2026 तक देश की अर्थव्यवस्था काफी आगे बढ़ी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ गरीब लोगों को पक्के घर का लाभ मिला है।
2014 से पहले देश में केवल 14 करोड़ गैस कनेक्शन थे, जो आज बढ़कर 35 करोड़ हो चुके हैं। ईंधन की कीमतों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों में पेट्रोल और डीजल के दाम कई गुना बढ़े हैं, लेकिन भारत में पिछले चार वर्षों के मुकाबले दाम कम हुए हैं।