Har Ghar Tiranga: पंचकूला में निकाली तिरंगा यात्रा, बच्चों ने हर घर तिरंगा फहराने का किया आह्वान, मेयर भी शामिल हुए
Har Ghar Tiranga हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को पंचकूला में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह विशाल तिरंगा यात्रा सेक्टर-15 के न्यू इंडिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल और हालमार्क स्कूल की तरफ से निकाली गई। इसमें 500 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। Har Ghar Tiranga: हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को पंचकूला में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह विशाल तिरंगा यात्रा सेक्टर-15 के न्यू इंडिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल और हालमार्क स्कूल की तरफ से निकाली गई। इसमें 500 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
इस तिरंगा यात्रा को पंचकूला के मेयर कुलभूषण गोयल ने को झंडी दिखाकर रवाना किया और खुद भी यात्रा में शामिल हुए। स्कूल डायरेक्टर शारदा गुप्ता और प्रबंधक कुसुम गुप्ता ने मेयर का स्वागत किया। रैली शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी।
इस दौरान सेक्टर-15 की मार्केट में प्रतिनिधियों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। बच्चे देश भक्ति के रंग में रंगे नजर आए। महापौर कुलभूषण गोयल ने एक किलोमीटर तक रैली में पैदल चलकर बच्चों का हौसला बढ़ाया। मेयर ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वह अपने अभिभावकों एवं रिश्तेदारों को भी घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करें।
न्यू इंडिया स्कूल की डायरेक्टर शारदा गुप्ता और प्रबंधक कुसुम गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों में देश भक्ति की भावना पैदा करने के लिए देश की आजादी के 75वें अमृत महोत्सव पर हर घर तिरंगा अभियान का शुरू किया है, जोकि सराहनीय है। हम बच्चों को निशुल्क झंडे भी वितरित करेंगे, ताकि बच्चे घरों पर 13 से 15 अगस्त तक तिरंगा अपने घरों पर लगा सकें। इस दौरान टीचरों ने तिरंगे के रंग के कपड़े पहने हुए थे। बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। उनके साथ वार्ड नंबर 5 के भाजपा पार्षद जय कौशिक, हर घर तिरंगा अभियान के नगर निगम के नोडल अधिकारी विकास कौशिक, न्यू इंडिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर 15 की डायरेक्टर शारदा गुप्ता, प्रबंधक कुसुम कुमार गुप्ता, हालमार्क स्कूल सेक्टर 15 के डायरेक्टर जिप्तेश गर्ग और अंकित मित्तल सहित शिक्षक मौजूद रहे।