गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर चंडीगढ़ में लगा तस्वीरों का लंगर, युवा पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने की पहल
चंडीगढ़ के सेक्टर-34 में गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर जितेंद्र सिंह दादरा ने लंगर का आयोजन किया। इस बार प्रसाद के साथ गुरु नानक देव की तस्वीरें भी बांटी गईं, ताकि युवा पीढ़ी को सिख गुरुओं के इतिहास से जोड़ा जा सके।

लंगर में प्रसाद के साथ गुरु नानक देव की तस्वीरों का भी वितरण किया गया।
HighLights
सेक्टर-34 में श्रद्धा और सेवा का अनूठा संगम।
प्रसाद के साथ गुरु नानक देव की तस्वीरें बांटी।
युवा पीढ़ी को सिख गुरुओं के इतिहास से जोड़ा गया।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर सेक्टर-34 में श्रद्धा और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां जितेंद्र सिंह दादरा की ओर से हर वर्ष की परंपरा को निभाते हुए गुरु का लंगर आयोजित किया गया।
इस बार लंगर में प्रसाद के साथ गुरु नानक देव की तस्वीरों का भी वितरण किया गया, ताकि युवा पीढ़ी और बच्चों को अपने गुरुओं के इतिहास और विरासत से जोड़ा जा सके।
जितेंद्र सिंह ने बताया कि गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर वह हर वर्ष लंगर का आयोजन करते हैं। उनका उद्देश्य केवल संगत को प्रसाद वितरित करना ही नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को सिख गुरुओं के जीवन, शिक्षाओं और महान इतिहास के प्रति जागरूक करना भी है।
उन्होंने कहा कि आज के बच्चों और युवाओं को अपनी संस्कृति, परंपराओं और गुरुओं के इतिहास से जुड़े रहना बेहद जरूरी है। इसी सोच के तहत इस वर्ष प्रसाद के साथ गुरु नानक देव की तस्वीरें भी वितरित की गईं, ताकि लोग उन्हें अपने घरों में ससम्मान रख सकें और उनके संदेशों को याद रख सकें।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने लंगर ग्रहण किया और गुरु नानक देव के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। सेवा, समानता और मानवता का संदेश देने वाले गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर आयोजित यह पहल धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक जागरूकता का भी संदेश देती नजर आई।