विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अंतरिक्ष से 20 दिन में पृथ्वी के 320 चक्कर', चंडीगढ़ में शुभांशु शुक्ला ने बच्चों को सुनाया अंतरिक्ष में जाने-लौटने का रोमांच

Published: Sat, 14 Nov 2026 01:44 PM (IST)

ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने चंडीगढ़ में 10वें मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल में अपने 20 दिवसीय अंतरिक्ष मिशन के अनुभव साझा ...और पढ़ें

ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला बच्चों के साथ सेल्फी लेते हुए। फोटो: संजय घिल्डियाल

ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला बच्चों के साथ सेल्फी लेते हुए। फोटो: संजय घिल्डियाल

HighLights

  1. अंतरिक्ष स्टेशन में 20 दिन, 320 बार पृथ्वी की परिक्रमा।

  2. यह मिशन व्यक्तिगत नहीं, पूरे देश का गौरव है।

  3. बच्चों को अंतरिक्ष यात्रा का रोमांचक अनुभव सुनाया।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। अंतरिक्ष की यात्रा सिर्फ एक अंतरिक्ष यात्री का अनुभव नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव और सामूहिक उपलब्धि की कहानी है। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) में 20 दिन बिताने के दौरान उन्होंने 320 बार पृथ्वी की परिक्रमा की और करीब 1.4 करोड़ किलोमीटर का सफर तय किया।

इस दूरी को देश की आबादी के हिसाब से बांटें तो हर भारतीय की हिस्सेदारी करीब 100 मीटर बैठती है। यह कहना था अशोक चक्र विजेता ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का। वह 10वें मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल में अपने अंतरिक्ष अभियान के अनुभव साझा कर रहे थे।

शुभांशु शुक्ला ने कहा कि उनके लिए यह मिशन कभी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं रहा। भले ही अंतरिक्ष में जाने के लिए उनका चयन हुआ था, लेकिन यह अभियान पूरे देश और हर भारतीय का था। इसलिए वह चाहते हैं कि देश का प्रत्येक नागरिक इस यात्रा को अपनी उपलब्धि माने और इससे जुड़ाव महसूस करे।

उन्होंने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नीतियों पर गंभीर चर्चा के बाद वह सभी को कुछ समय के लिए अंतरिक्ष की सैर पर ले जाना चाहते हैं। अगले करीब 30 मिनट में वह बताने का प्रयास करेंगे कि अंतरिक्ष में पहुंचने पर कैसा महसूस होता है, वहां से पृथ्वी कैसी दिखाई देती है और वहां की परिस्थितियों का सामना कैसे किया जाता है।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान व्यक्ति खुद को हर परिस्थिति के लिए तैयार समझता है, लेकिन जब वास्तविक स्थिति सामने आती है तो उसका सामना करना एक अलग अनुभव होता है।

2019 में शुरू हुआ था सफर

शुभांशु शुक्ला ने बताया कि उनके अंतरिक्ष अभियान की यात्रा वर्ष 2019 में चयन प्रक्रिया से शुरू हुई थी। हालांकि, अपने संबोधन में उन्होंने मुख्य रूप से अमेरिका में एक वर्ष तक चले प्रशिक्षण और उसके बाद अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक की यात्रा पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने अपने मिशन की एक विशेष फिल्म दिखाकर प्रशिक्षण, अंतरिक्ष रवाना होने और पृथ्वी पर वापस लौटने तक के सफर की झलक भी प्रस्तुत की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।