Good News : चंडीगढ़ का Unlocking Plan तैयार, केंद्र की मंजूरी के बाद खुल जाएगा Lockdown
केंद्र सरकार की मंजूरी मिलते ही 15 अप्रैल से लॉकडाउन खोल दिया जाएगा। इसके लिए यूटी प्रशासन ने कोविड-19 मैनेजमेंट प्लान तैयार किया है।
चंडीगढ़, [बलवान करिवाल]। चंडीगढ़ प्रशासन ने 14 अप्रैल के बाद का अनलॉकिंग प्लान तैयार कर लिया है। अगर कोई नया केस नहीं आता है तो केंद्र सरकार की मंजूरी मिलते ही 15 अप्रैल से लॉकडाउन खोल दिया जाएगा। इसके लिए यूटी प्रशासन ने कोविड-19 मैनेजमेंट प्लान तैयार किया है।
इस प्लान के अनुसार दूसरे शहरों से लगती सभी सीमाओं को सील कर शहर को खोला जाएगा। लोगों को चंडीगढ़ के अंदर ही कुछ और राहत प्रदान की जाएगी, लेकिन बिना मंजूरी न तो कोई शहर से बाहर जा सकेगा और न ही आ सकेगा। सिर्फ आवश्यक सेवाओं से जुड़े स्टाफ और इंप्लाइज को आइकार्ड कर्फ्यू पास के बाद ट्रैवल की मंजूरी मिलेगी। चंडीगढ़ में पिछले एक सप्ताह से कोई नया केस नहीं आया है। 18 पॉजिटिव केस सामने आए, जिसमें से सात ठीक होकर घर जा चुके हैं।
बॉर्डर पर सेनिटाइजेशन और थर्मल स्कैनिंग
अनलॉकिंग प्लान में यह स्पष्ट किया गया है कि आउटसाउड यानी दूसरे शहरों से इंफेक्शन किसी भी सूरत में चंडीगढ़ न पहुंचे यह सुनिश्चित करना होगा। मोहाली और पंचकूला के सभी रास्तों पर सेनिटाइजेशन के लिए टनल बनाई जाएंगी। हर आने जाने वाले की थर्मल स्कैनिंग होगी। इससे कोई व्यक्ति वायरस का कैरेज नहीं बनेगा। चंडीगढ़ ट्रांजिट प्वाइंट है जहां से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के लिए रास्ते निकलते हैं। अकेले मोहाली शहर के लिए नौ रास्ते हैं जबकि पंचकूला के लिए भी पांच रास्ते लगते हैं। इस वजह से ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है।
एक साथ नहीं बल्कि फेज वाइज खुलेगा शहर
अनलॉकिंग प्लान में स्पष्ट किया गया है कि पूरे शहर को एक साथ नहीं खोला जाएगा। फेज वाइज या शहर को कई फेज में बांटकर खोला जाएगा। पहले फेज में सरकारी ऑफिस खुल सकते हैं। उसके बाद केटेगरी वाइज पूरे शहर को बांटा गया है। स्कूल, कॉलेज, शोरूम, मॉल और भीड़ वाली मार्केट सबसे अंतिम फेज में खुलेंगी।
चंडीगढ़ का अनलोकिंग प्लान तैयार है। लोकल हालात को देखते हुए और केंद्र सरकार से कंसल्ट करने के बाद लॉकडाउन खोलने की तिथि प्रशासक निश्चित करेंगे। चंडीगढ़ की सभी सीमा सील रहेंगी सेनिटाइजेशन और थर्मल स्कैनिंग होगी।
-मनोज कुमार परिदा, एडवाइजर, यूटी चंडीगढ़।