विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कनाडा पुलिस का बड़ा एक्शन, मोस्ट वांटेड लिस्ट में टॉप पर गैंगस्टर गोल्डी बराड़; सिर पर 2.50 लाख डॉलर का इनाम

Published: Fri, 20 Nov 2026 08:09 AM (IST)

गैंगस्टर गोल्डी बराड़ कनाडा की 25 सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में शीर्ष पर है, जिसकी गिरफ्तारी पर 2.50 लाख कनाडाई डॉलर का इनाम घोषित किया गया है। 

कनाडा की मोस्ट वांटेड लिस्ट में टॉप पर गोली बराड़ (फोटो- जागरण ग्राफिक्स)

कनाडा की मोस्ट वांटेड लिस्ट में टॉप पर गोली बराड़ (फोटो- जागरण ग्राफिक्स)

HighLights

  1. गोल्डी बराड़ कनाडा की 25 मोस्ट वांटेड सूची में शीर्ष पर

  2. उसकी गिरफ्तारी पर 2.50 लाख कनाडाई डॉलर का इनाम घोषित

  3. भारत में आतंकी घोषित, मूसेवाला हत्याकांड में भी मुख्य आरोपी

रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब के गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को कनाडा की 25 सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में पहले स्थान पर रखा गया है।

भारत में गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत आतंकी घोषित गोल्डी बराड़ अमेरिका की एफबीआई की दस सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में भी शामिल है। 

अब कनाडा की विनिपेग पुलिस ने उसे सितंबर 2023 में 39 वर्षीय सुखदूल सिंह गिल की हत्या के मामले में वांछित घोषित किया है। कनाडा या अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी की सूचना देने वाले के लिए 2.50 लाख कनाडाई डॉलर तक के इनाम की घोषणा की गई है।

मोस्ट वांटेड लिस्ट में 25 भगोड़े शामिल

कनाडा के बोलो (बी ऑन द लुकआउट) कार्यक्रम ने गुरुवार को टोरंटो में फॉल 2026 की मोस्ट वांटेड सूची जारी की। इसमें हत्या, हत्या के प्रयास, ड्रग्स और हथियारों समेत विभिन्न अपराधों में वांछित 25 भगोड़ों को शामिल किया गया है।

आठ आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कुल 6.50 लाख कनाडाई डॉलर तक के इनाम घोषित किए गए हैं। सूची में पहले पांच स्थानों पर शामिल सभी आरोपितों के लिए इनाम है।

भारत ने 2024 में आतंकी घोषित किया गोल्डी बराड़ को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक जनवरी 2024 को यूएपीए के तहत आतंकी घोषित किया था।

मंत्रालय की अधिसूचना में उसे प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआइ) से जुड़ा बताया गया था। उस पर पंजाब में कई हत्याओं, रंगदारी, हथियार और विस्फोटक सामग्री की तस्करी तथा युवाओं को आपराधिक गतिविधियों में शामिल करने जैसे आरोप हैं।

क्रम नाम संबंधित पुलिस / एजेंसी अपराध / आरोप घोषित इनाम
1 सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ विनिपेग पुलिस हत्या 2.50 लाख डॉलर तक
2 काइल प्राउज टोरंटो पुलिस हत्या का प्रयास 1 लाख डॉलर तक
3 कोडी रुडिफो टोरंटो पुलिस हत्या 50 हजार डॉलर तक
4 अयूब मोहम्मद क्यूबेक पुलिस हत्या 50 हजार डॉलर तक
5 सबरीना अगस्टो-रामिरेज अमेरिकी मार्शल सर्विस हत्या 50 हजार डॉलर तक (कनाडा में गिरफ्तारी पर)
6 जोसेफ मैडोर ओंटारियो प्रांतीय पुलिस हत्या 50 हजार डॉलर तक
7 ब्रेटन कैनेडी ओंटारियो प्रांतीय पुलिस हत्या 50 हजार डॉलर तक
8 मनप्रीत सिंह पील रीजनल पुलिस हत्या -
9 डेवोंड्रे हॉल टोरंटो पुलिस हत्या -
10 जियानपिएत्रो टिबेरियो मॉन्ट्रियल पुलिस हत्या -
11 पॉल बोनिक विनिपेग पुलिस हत्या -
12 एंथनी गिलेस्पी वाटरलू रीजनल पुलिस हत्या का प्रयास -
13 डायलन डेनिस मॉन्ट्रियल पुलिस हत्या 50 हजार डॉलर तक
14 फिलम फेशाघिरगिस ओंटारियो प्रांतीय पुलिस हत्या -
15 मारूफ बांगी नियाग्रा रीजनल पुलिस हत्या -
16 फादेल नईम टोरंटो पुलिस हत्या -
17 तामाह मैकलीन टोरंटो पुलिस हत्या -
18 मेसन जेनकिंस ओंटारियो पुलिस की आरओपीई टीम गैरकानूनी रूप से हिरासत से बाहर -
19 डेविन नॉरगार्ड एडमंटन पुलिस ड्रग्स और हथियारों से जुड़े अपराध -
20 पेडराम राबी पील रीजनल पुलिस हत्या का प्रयास -
21 जोशुआ टर्नर ओंटारियो पुलिस की आरओपीई टीम गैरकानूनी रूप से हिरासत से बाहर -
22 यूसुफ अली विनिपेग पुलिस हत्या का प्रयास -
23 गुरकीरत सिंह डेल्टा पुलिस 16 वर्ष से कम उम्र के व्यक्ति से संबंधित यौन अपराध -
24 डेलानो रॉबर्टसन-बेरी टोरंटो पुलिस हत्या -
25 टॉमी बर्नियर-थिबॉल्ट लेवी पुलिस मारपीट -
 

सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शामिल था नाम

पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी उसका नाम प्रमुख आरोपित और साजिशकर्ता के रूप में सामने आया था। एनआइए की जांच में भी विदेश से संचालित नेटवर्क का खुलासा राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने गोल्डी बराड़ से जुड़े आतंकी-गैंगस्टर नेटवर्क की जांच में कई मामलों में कार्रवाई की है।

करणी सेना प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के मामले में एनआइए ने जून 2024 में गोल्डी बराड़ समेत 12 आरोपितों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। एजेंसी की जांच में विदेश से संचालित नेटवर्क और हत्या की साजिश का खुलासा हुआ था। गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित दो क्लबों में दिसंबर 2024 में हुए बम हमलों के मामले में भी एनआइए ने गोल्डी बराड़ से जुड़े नेटवर्क की जांच की।

goldy_brar_news

एजेंसी के अनुसार, विदेश में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर काम करने वाले गिरोह के सदस्यों के जरिए हमलों की साजिश रची गई थी। इन मामलों में रंगदारी, हथियारों की आपूर्ति और आपराधिक गतिविधियों के लिए युवाओं की भर्ती जैसे पहलुओं की जांच की गई। कनाडा की सूची में शामिल अधिकांश भगोड़े हत्या और हत्या के प्रयास के मामलों में वांछित हैं।

पुलिस ने लोगों से आरोपितों के संबंध में सूचना साझा करने की अपील की है। बोलो कार्यक्रम ने उनकी पहचान सार्वजनिक करने के लिए एआइ आधारित वीडियो भी जारी किए हैं। गोल्डी बराड़ का सूची में शीर्ष स्थान पर आना भारत, अमेरिका और कनाडा में उसके खिलाफ चल रही कार्रवाई तथा अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क की जांच के लिहाज से अहम है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।