गोलमास्टर बलबीर सिंह सीनियर की हालत चिंताजनक, वेंटिलेटर पर चल रही सांसें
गोलमास्टर रहे ओलंपियन पद्मश्री बलबीर सिंह सीनियर की हालत चिंताजनक बनी हुई है। उनकी सांसें वेंटिलेटर पर चल रही हैं।
जेएनएन, चंडीगढ़। तीन बार ओलंपिक गोल्ड मेडल विजेता टीम के सदस्य रहे पद्मश्री बलबीर सिंह सीनियर की हालत अभी भी चिंताजनक है। उनकी सांसे वेंटिलेटर के सहारे चल रही हैं। बलबीर सिंह सीनियर के परिवारिक मित्र प्रोफेसर एसके गुप्ता ने बताया अभी भी उनकी हालत खतरे से बाहर नहीं हैं। डॉक्टर उन्हें स्वस्थ करने के लिए हरसंभव कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उन्हें कई तरह की स्वास्थ्य सम्बंधी दिक्कतें एक साथ आ गई हैं। मंगलवार से पहले उनके स्वास्थ्य में सुधार दिखना शुरू हो गया था, लेकिन मंगलवार सुबह उनको कार्डियक अरेस्ट हुआ, जिसके बाद उनका स्वास्थ्य और बिगड़ गया।
आठ मई को अस्पताल में भर्ती हुए थे सीनियर
बलबीर सिंह सीनियर मौजूदा समय में 96 साल के हैं और पिछले दो सालों से उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं रह रहा है। पिछले हफ्ते आठ मई को उन्हें सांस में दिक्कत होने की वजह से मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इस दौरान उनके तमाम तरह के टेस्ट करवाए गए। उनका कोरोना टेस्ट भी किया गया, जिसकी रिपोर्ट 10 मई को आई, जो नेगिटिव आई। दो दिन बाद 12 मई को उन्हें कार्डियक अरेस्ट हो गया। प्रशंसकों को उम्मीद है कि इस बार बीमारी को हराकर चैंपियन की तरह बलबीर सिंह जल्द उनके सामने आएंगे। फिलहाल उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए उनके दुआओं का दौर जारी है।