गैंगस्टर लक्की पटियाल मांग रहा रंगदारी, मोहाली में हेयर मास्टर सैलून और आर्किटेक्ट के घर पर कराई फायरिंग
मोहाली में हेयर मास्टर सैलून और एक आर्किटेक्ट के घर पर हुई फायरिंग के पीछे गैंगस्टर लक्की पटियाल का नाम सामने आया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक सवार हमलावरों की पहचान कर रही है, जिन्होंने रंगदारी के मकसद से वारदात को अंजाम दिया।

मोहाली में फायरिंग करने वाले सीसीटीवी में कैद, पुलिस जांच में जुटी।
HighLights
मोहाली में हेयर मास्टर सैलून और आर्किटेक्ट के घर फायरिंग।
गैंगस्टर लक्की पटियाल का नाम आया सामने, रंगदारी मकसद।
बाइक सवार हमलावर सीसीटीवी में कैद, पुलिस जांच में जुटी।
संदीप खत्री, मोहाली। मोहाली में शुक्रवार को हेयर मास्टर सैलून और फेज-11 में एक आर्किटेक्ट के घर पर हुई फायरिंग के पीछे गैंगस्टर लक्की पटियाल का नाम सामने आया है। सूत्रों की मानें तो लक्की पटियाल ने रंगदारी के मकसद से दोनों जगह फायरिंग करवाई।
बाइक सवार दो हमलावरों ने महज 10 मिनट के अंतराल में दोनों वारदातों को अंजाम दिया। पहले सेक्टर-79 स्थित हेयर मास्टर सैलून को निशाना बनाया और इसके बाद फेज-11 में आर्किटेक्ट हरप्रीत सिंह की कोठी पर गोलियां चलाईं।
दोनों घटनाओं में फायरिंग करने वाले शूटर सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है। पहली वारदात शुक्रवार दोपहर करीब 3:12 बजे सेक्टर-79 स्थित हेयर मास्टर सैलून पर हुई।
बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और फायरिंग करने के बाद फरार हो गए। इसके ठीक 10 मिनट बाद दोपहर 3:22 बजे दोनों हमलावरों ने फेज-11 की कोठी नंबर-293 को निशाना बनाया। इस कोठी में आर्किटेक्ट हरप्रीत सिंह रहते हैं। हमलावरों ने उनके घर पर तीन गोलियां चलाईं।
बालकनी में सूख रहे कंबल पर लगी गोलियां
फेज-11 में आर्किटेक्ट हरप्रीत सिंह की कोठी की पहली मंजिल की तरफ दो गोलियां चलाई गईं। उस समय बालकनी की ग्रिल पर कंबल सूख रहे थे। गोलियां कंबलों में लगीं। घर के अंदर मौजूद हरप्रीत सिंह को शुरुआत में गोली चलने की आवाज पटाखे जैसी लगी।
वह देखने के लिए बालकनी में पहुंचे तो हमलावरों ने एक और गोली चला दी। यह गोली उनके बेहद करीब से निकल गई। गनीमत रही कि वह गोली की चपेट में नहीं आए।
वारदात के बाद दोनों हमलावर मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। हरप्रीत सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद खरड़ क्राइम ब्रांच, एजीटीएफ आपरेशन सेल और फेज-11 थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खोल बरामद किए।
तीन महीने में दूसरी बार फायरिंग
हेयर मास्टर सैलून को इससे पहले भी निशाना बनाया जा चुका है। 5 सितंबर को भी सैलून पर फायरिंग हुई थी। उस मामले में तीन शूटर गिरफ्तार हो चुके हैं। इनमें एक को मोहाली पुलिस और दो को चंडीगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
अब दोबारा सैलून पर फायरिंग होने के बाद पुलिस पुराने मामले से भी इस वारदात के तार जोड़कर जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, सैलून के मालिक को पहले गैंग्सटर लक्की पटियाल की तरफ से धमकी भी मिली थी। इस धमकी से जुड़ी एक रिकाॅर्डिंग भी वायरल हुई थी। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि शुक्रवार को हुई फायरिंग का मकसद भी रंगदारी वसूलना था या इसके पीछे कोई दूसरा कारण है।
जालंधर में भी करवा चुका फायरिंग
लक्की पटियाल का नाम इससे पहले जालंधर में हेयर मास्टर सैलून पर हुई फायरिंग में भी सामने आ चुका है। अब मोहाली में उसी नाम से जुड़े सैलून को दोबारा निशाना बनाए जाने से इस मामले को गैंग्सटर की रंगदारी और नेटवर्क के एंगल से भी देखा जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मोहाली में दोनों जगह फायरिंग करने वाले बाइक सवार दोनों शूटर सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं। पुलिस घटनास्थलों और आसपास की सड़कों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच में हमलावरों की पहचान करने, उनके आने-जाने के रास्ते और वारदात के बाद फरार होने की दिशा का पता लगाया जा रहा है। खरड़ क्राइम ब्रांच और एजीटीएफ आपरेशन सेल की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।