चंडीगढ़-जीरकपुर हाईवे पर मुठभेड़, गैंगस्टर हैप्पी बामण घायल; ASI इकबाल सिंह की हत्या के मामले से जुड़ा है नाम
जीरकपुर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान अमनदीप उर्फ हैप्पी बामण घायल हो गया, जिसकी दाईं जांघ में गोली लगी है। उसे तरनतारन में पंजाब पुलिस के एएसआई इकबाल सिंह की हत्या के मामले से जुड़ा बताया जा रहा है।

ASI इकबाल सिंह (बाईं ओर)। पुलिस मुठभेड़ में घायल अमनदीप उर्फ हैप्पी बामण (बाईं ओर)। जागरण
HighLights
जीरकपुर में पुलिस मुठभेड़ में हैप्पी बामण को गोली लगी।
वह एएसआई इकबाल सिंह हत्याकांड से संबंधित बताया जा रहा है।
पुलिस आपसी रंजिश और गैंगस्टर नेटवर्क की जांच कर रही है।
संवाद सहयोगी, जीरकपुर। चंडीगढ़-जीरकपुर नेशनल हाईवे पर होटल कंग के पास शुक्रवार को पुलिस मुठभेड़ में अमनदीप उर्फ हैप्पी बामण के घायल होने की सूचना है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसके दाईं जांघ में गोली लगी है।
घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए डेराबस्सी अस्पताल ले जाया जा रहा है। अमनदीप को तरनतारन में पंजाब पुलिस के एएसआई इकबाल सिंह की हत्या के मामले से जुड़ा बताया जा रहा है।
-1795177713273.webp)
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई और गोली लगने की परिस्थितियों का पूरा ब्योरा अभी सामने नहीं आया है। पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
11 अक्टूबर को पत्नी के सामने हुई थी एएसआई की हत्या
गौरतलब है कि 11 अक्टूबर को तरनतारन जिले के गांव नौशहरा पन्नुआं में एएसआई इकबाल सिंह की मोटरसाइकिल सवार नकाबपोश हमलावरों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। करीब 55 वर्षीय इकबाल सिंह फिरोजपुर में काउंटर इंटेलिजेंस विंग में तैनात थे।

ड्यूटी से घर लौटते समय नौशहरा पन्नुआं-लौहका रोड पर पटवारखाने के पास उन्हें निशाना बनाया गया था। उनकी पत्नी दर्शन कौर भी कुछ दूरी पर स्कूटी से पीछे आ रही थीं।
एक महीने पहले भतीजे का भी हुआ था कत्ल

इकबाल सिंह के भतीजे अजमीत सिंह की भी 11 सितंबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अजमीत का नाम दिसंबर 2022 में सरहाली पुलिस थाने पर हुए आरपीजी हमले के मामले में सामने आया था। दोनों हत्याओं के बाद पुलिस ने आपसी रंजिश और गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच की थी।