फ्री में अपडेट करा लें बच्चों का आधार कार्ड, UIDAI ने इस दिन तक माफ की फीस; स्कूलों में शुरू हुए विशेष कैंप
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने 5 से 17 वर्ष के बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) को 30 सितंबर 2027 तक निशुल्क कर दिया है।

5 से 17 साल के बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट 30 सितंबर 2027 तक मुफ्त। प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
UIDAI ने बच्चों के बायोमेट्रिक अपडेट को निशुल्क किया
5 से 17 वर्ष के बच्चों के लिए सुविधा 2027 तक
स्कूलों में विशेष शिविरों द्वारा अपडेट संभव
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। बच्चों के आधार कार्ड में बायोमेट्रिक अपडेट करवाने के लिए अभिभावकों को राहत दी गई है।
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने 5 से 17 वर्ष तक के बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) की सुविधा 30 सितंबर 2027 तक निशुल्क कर दी है।
इसके लिए स्कूलों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां अभिभावक बिना शुल्क बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट करवा सकते हैं।
यूआईडीएआई के अनुसार, बच्चों के बढ़ने के साथ उनके फिंगरप्रिंट, आंखों की पुतलियों की पहचान और चेहरे की बनावट में बदलाव होता है।
इसलिए पांच वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूरी होने पर आधार में बायोमेट्रिक अपडेट करवाना अनिवार्य है। समय पर अपडेट नहीं होने से भविष्य में आधार प्रमाणीकरण (ऑथेंटिकेशन) में परेशानी हो सकती है।