यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 18, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पहली बार अकाली कार्यालय में गूंजा जय श्री राम का नारा, सुखबीर बादल ने नवजोत सिंह सिद्धू पर कसा तंज
पंजाब में राजनीतिक समीकरण काफी बदल गए हैं। इसी का परिणाम है कि अकाली दल के कार्यालय में पहली बार ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। चुनावी साल में पंजाब में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदले हैं। भाजपा व अकाली दल अलग हो चुके हैं। अकाली दल अब बसपा से गठबंधन में हैं। वहीं, पंजाब कांग्रेस में घमासान मचा हुआ है। इस बीच अकाली दफ्तर में भी अब जय श्री राम का नारा गूंजने लगा है। रविवार को चंडीगढ़ स्थित अकाली दल के कार्यालय में जय श्री राम का नारा गूंजा। यहां शिरोमणि अकाली दल ने हिंदू व व्यापारियों की बैठक बुलाई है।
इस दौरान अकाली दल के हिंदू नेताओं ने स्टेज से जय श्री राम का नारे लगाए। सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब तब तरक्की कर सकता है जब पंजाब में शांति हो। सुखबीर बादल ने कहा कि भले ही मेरा सिर कट जाए, लेकिन पंजाब की शांति को भंग नहीं होने दूंगा। सुखबीर ने कहा, हरेक कंपनी अपने यहां उच्चाधिकारी बनाने से पहले व्यक्ति का अतीत देखती है। मुख्यमंत्री चुनने से पहले भी लोगों को नेता का अतीत देखना चाहिए। सुखबीर ने नवजोत सिंह सिद्धू पर तंज कसा। शिअद प्रधान ने कहा कि अगर लोगों को चुटकुले ही सुनने हैं तो मैं सरकारी तौर पर हरेक सप्ताह चुटकुले का एक आयोजन करवा दिया करूंगा।
सुखबीर बादल ने कहा कि वह सरदार प्रकाश सिंह बादल की नीतियों के लिए प्रतिबद्ध हैं कि वह सभी वर्गों के बीच सौहार्द्र और भाईचारे को सुनिश्चित करने और प्रगति और समृद्धि की दिशा में सभी को साथ लेकर चलने का भरसक प्रयास करेंगे। बादल ने कहा कि यदि अकाली-बसपा गठबंधन की सरकार बनी तो व्यापार तथा उद्योग क्षेत्र के लिए बिजली की दरों को कम करने के अलावा निवेश के अनुकूल नीतियां बनाकर राज्य में व्यापार तथा उद्योग को पुनजीर्वित किया जाएगा। कस्बों और शहरों का विकास फिर से शुरू करवाएंगे। पिछले कार्यकाल में अकाली सरकार ने 135 कस्बों तथा शहरों में सीवरेज तथा पानी की आपूर्ति की सुविधाएं सुनिश्चित की थी। कस्बों और शहरों में बुनियादी ढ़ांचे को अपग्रेड किया जाएगा।
सुखबीर ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार न केवल बांटों तथा राज करो की नीति को आगे बढ़ा रही है, बल्कि पंजाब के इतिहास में सबसे खराब मुख्यमंत्री के रूप काम कर रही है। कैप्टन अमरिंदर सिंह के रूप में हमारे पास एक ऐसे नेता हैं जिन्होंने पवित्र गुटका साहिब की झूठी कसम खाई। वह पूरी तरह से असंवेदनशील नेता हैं जो सरकारी कर्मचारियों की बात सुनने के बजाय उन पर क्रूर हमले के आदेश देते हैं।
शिअद प्रधान ने कहा कि अब कांग्रेस अपने असफल मुख्यमंत्री की जगह पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के साथ एक और नौटंकी में लिप्त है, जो प्रशासन चलाने के बजाय अपनी नौटंकी के लिए ज्यादा जानेे जाते हैं। हर कोई स्थानीय निकाय मंत्री के रूप में नवजोत सिद्धू के रिकार्ड को जानता है। मंत्रीकाल में सिद्धू ने राज्य के किसी भी शहर या कस्बे की स्थिति सुधारने के लिए कुछ भी नहीं किया।
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के बारे में कहा कि केजरीवाल ने राज्य में थर्मल प्लांट बंद कराने की कोशिश कर बिजली की स्थिति बिगाड़ने के मुद्दे पर राजनीति करने के एकमात्र उद्देश्य से हाल ही में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। उन्होंने कहा कि इसी तरह केजरीवाल अदालत में यह मांग करने के लिए जिम्मेदार हैं कि जिन किसानों ने धान की पराली जलाई है उन पर आपराधिक केस दर्ज किए जाने चाहिए। हाल ही में केजरीवाल 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने का वादा कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया है कि एक भी यूनिट ज्यादा आने पर उपभोक्ता को पूरे बिल का भुगतान करना होगा। पंजाबियों को इस तरह से मूर्ख बनाने की कोशिश करने के बजाय केजरीवाल को इसे दिल्ली में लागू करना चाहिए, जहां बिजली देशभर में सबसे ज्यादा महंगी है।
इस मौके पर शिअद के शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ हिंदू नेताओं में एनके शर्मा, प्रकाश चंद गर्ग, सरूप चंद सिंगला, हरीश राय ढ़ांडा, विष्णु शर्मा, प्रेम वलेचा, अशोक जुनेजा, हरपाल जुनेजा, राजिंदर दीपा, कबीर दास, अशोक शर्मा, अशोक मेनन, कीमती भगत आदि मौजूद थे।
