पाकिस्तान से आए हथियार बॉर्डर पर बरामद, दीवाली से पहले साजिश नाकाम; ANFT मोहाली खंगाल रही नेटवर्क
फिरोजपुर सीमा पर बीएसएफ ने ड्रोन से भेजे गए हथियार बरामद कर दीवाली से पहले की एक बड़ी साजिश को ...और पढ़ें

दो पिस्टल, चार मैगजीन और इसी बोर के 50 कारतूस बरामद। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
फिरोजपुर सीमा पर ड्रोन से हथियार बरामद, साजिश नाकाम।
डीजीआई मैट्रिस 400 ड्रोन और दो पिस्टल, 50 कारतूस मिले।
एएनटीएफ मोहाली कर रही नेटवर्क और रिसीवर की तलाश।
जागरण संवाददाता, मोहाली। फिरोजपुर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास गांव राणा पंज गराय के खेतों में बीएसएफ जवानों ने ड्रोन और उसके साथ भेजे गए हथियार बरामद कर दीवाली से पहले वारदात की साजिश नाकाम की।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) मोहाली ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और नेटवर्क को खंगाल रही है। पुलिस के अनुसार, पांच नवंबर को बरामद ड्रोन की पहचान डीजीआई मैट्रिस 400 के रूप में हुई।
इसके साथ स्टारमार्क कंपनी की .30 बोर की दो पिस्टल, चार मैगजीन और इसी बोर के 50 कारतूस मिले। एएसआई दिलदार सिंह के बयान पर दर्ज मामले में भारतीय वायुयान अधिनियम 2024 की धाराओं 26, 27 और 30 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 लगाई गई है।
जांच अधिकारी दिलदार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में हथियार ड्रोन के जरिए सीमा पार से भेजे जाने की बात सामने आई है। हथियार किसे पहुंचाए जाने थे और इसके पीछे कौन-सा नेटवर्क सक्रिय है, इसकी जांच जारी है।
एएनटीएफ ड्रोन के इस्तेमाल, हथियार भेजने वाले और स्थानीय स्तर पर इन्हें हासिल करने वाले व्यक्ति की पहचान कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हथियारों का इस्तेमाल किसी आपराधिक वारदात में होना था या इन्हें किसी गिरोह तक पहुंचाया जाना था। मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।