बाइक की टक्कर से वायुसेना के पूर्व कर्मचारी की मौत, परिवार को मिलेगा 8.70 लाख मुआवजा
मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने एक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पूर्व वायुसेना कर्मी सेवा सिंह के परिवार को 8.70 लाख रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया है।

चंडीगढ़ स्थित ट्रिब्यूनल का फैसला। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
पूर्व वायुसेना कर्मी की बाइक टक्कर में मौत हुई।
परिवार को 8.70 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश।
नेशनल इंश्योरेंस कंपनी 45 दिन में करेगी भुगतान।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सड़क किनारे लघुशंका के लिए रुके परिवार के बुजुर्ग को तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल 69 वर्षीय पूर्व वायुसेना कर्मी सेवा सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई।
चंडीगढ़ स्थित मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने मृतक के पांच परिजनों को 8,70,490 रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। मुआवजे की 60 प्रतिशत राशि मृतक की पत्नी हुकम देवी को मिलेगी। बेटी सीमा देवी और तीन बेटों कैलाश, राजेश कुमार तथा विजय कुमार को 10-10 प्रतिशत हिस्सा दिया जाएगा।
नेशनल इंश्योरेंस कंपनी को आदेश मिलने के 45 दिनों के भीतर भुगतान करना होगा। तय समय में भुगतान नहीं करने पर कंपनी को 10 प्रतिशत सालाना ब्याज देना होगा। पीठासीन अधिकारी कंवलजीत सिंह बाजवा ने कहा कि याचिका दायर करने की तारीख से भुगतान तक मुआवजा राशि पर 7.5 प्रतिशत सालाना ब्याज भी देना होगा। मुआवजे की जिम्मेदारी कंपनी की होगी।
15 जून 2022 को सेवा सिंह परिवार के साथ पंचकूला से अपने पैतृक गांव नरून खेड़ा, जिला सोनीपत गए थे। रिश्तेदार की तेरहवीं में शामिल होने के बाद परिवार कार से पंचकूला लौट रहा था।
शाम करीब 4:45 बजे गोहाना-पानीपत रोड पर कार सड़क किनारे खड़ी की गई और परिवार के सदस्य लघुशंका के लिए रुके। इसी दौरान पानीपत की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार विकास रंगा ने सेवा सिंह को पीछे से टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल सेवा सिंह को पहले सिविल अस्पताल, पानीपत ले जाया गया। बाद में उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां 21 जून को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
बेटे की गवाही और पोस्टमार्टम रिपोर्ट बनी आधार
सेवा सिंह के बेटे राजेश कुमार ने हादसा अपनी आंखों से देखा था और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इसराना थाने में 21 जून 2022 को बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
अधिकरण ने राजेश कुमार की गवाही और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर बाइक चालक की लापरवाही को हादसे का कारण माना। मुआवजे की गणना में सेवा सिंह की मासिक आय 13,722 रुपये मानी गई, जो उन्हें वायुसेना से पेंशन के रूप में मिलती थी।
सुरक्षा गार्ड की नौकरी से 14 हजार रुपये मासिक अतिरिक्त आय के दावे को पर्याप्त दस्तावेज नहीं होने के कारण स्वीकार नहीं किया गया। व्यक्तिगत खर्च के लिए आय का एक चौथाई घटाकर पांच का गुणांक लगाया गया। मुआवजे में अंतिम संस्कार, संपत्ति के नुकसान और परिजनों के कंसोर्टियम की राशि भी शामिल की गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।