दुबई-अमृतसर फ्लाइट की चंडीगढ़ में एमरजेंसी लैंडिंग, जानें क्या रही वजह
धुंध और मौसम खराब रहने की वजह से बुधवार को दुबई-अमृतसर फ्लाइट की चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
जासं, चंडीगढ़ : धुंध और मौसम खराब रहने की वजह से बुधवार को दुबई-अमृतसर फ्लाइट की चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। स्पाइस जेट की एसजी -56 फ्लाइट लगभग ढ़ाई घंटे तक चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रूकी और उसके बाद मौसम साफ होने की सूचना पाकर अमृतसर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गई। इस फ्लाइट में 180 के करीब यात्री थे। इसके अलावा चंडीगढ़ से बेंगलुरु जाने वाली एयर एशिया की फ्लाइट ने भी बेंगलुरु मौसम खराब होने की वजह से 1 घंटा 40 मिनट की देरी से उड़ान भरी। वहीं इंडिगो की मुंबई जाने वाली फ्लाइट ने एक घंटे की देरी से उड़ान भरी, व्यस्त ट्रैफिक व्यवस्था के चलते इस फ्लाइट ने देरी से उड़ान भरी।
चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के प्रवक्ता दीपेश कुमार जोशी ने बताया स्पाइस जेट एसजी -56 फ्लाइट ने अपने शेड्यूल के मुताबिक सुबह 5 बजे दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अमृतसर के लिए उड़ान भरी थी।
सुबह साढ़े 9 बजे पहुंचना था अमृतसर
इस फ्लाइट की अमृतसर एयरपोर्ट पर सुबह साढ़े 9 बजे लैंडिंग थी, लेकिन मौसम खराब होने की वजह से काफी देर आसमान में घुमने के बाद इस फ्लाइट ने वापस चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर दोपहर 12:14 बजे लैंडिंग की, यह फ्लाइट ढ़ाई घंटे तक चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रुकी और इसके बाद मौसम साफ होने की सूचना पाकर दोपहर 2:28 बजे इसने अमृतसर एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी।