सड़क पार कर रहे 63 वर्षीय बुजुर्ग को बाइक ने मारी टक्कर, पत्नी के सामने मौत; पंचकूला में दर्दनाक हादसा
पंचकूला के सूरजपुर में सड़क पार कर रहे 63 वर्षीय विजय कुमार को एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी के सामने हुए इस हादसे के बाद बाइक चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।

सूरजपुर में पीर बाबा के पास हादसा। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
हिमाचल प्रदेश के रहने वाले थे।
महीने पहले उनकी सर्जरी हुई थी।
बाइक चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। सूरजपुर में पीर बाबा के पास रविवार सुबह सड़क पार कर रहे विजय कुमार को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल 63 वर्षीय विजय कुमार की मौत हो गई। घटना के समय उनकी पत्नी प्रोमिला देवी भी साथ थीं।
बाइक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, विजय कुमार हिमाचल प्रदेश में परिवार के साथ रहते थे। करीब एक महीने पहले उनकी सर्जरी हुई थी।
शनिवार को वह पत्नी के साथ पिंजौर स्थित साधना अस्पताल से दवा लेने आए थे। इसके बाद दंपती सूरजपुर में रहने वाली बेटी आरती के घर गए। रविवार सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच दोनों घर लौटने के लिए निकले।
पीर बाबा के पास सड़क पार करते समय पंचकूला की ओर से तेज रफ्तार में आ रही मोटरसाइकिल ने विजय कुमार को टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर, चेहरे तथा कान से खून बहने लगा।
पत्नी ने मदद के लिए आवाज लगाई। सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल ले गई। वहां डाॅक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिंजौर थाना पुलिस फरार बाइक चालक की पहचान करने में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।