ED ने AAP विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा को भेजा समन, 25 नवंबर को पेश होने का आदेश
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आम आदमी पार्टी की मोगा विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा को जमीन घोटाले के मामले में 25 नवंबर, 2026 को पूछताछ के लिए चंडीगढ़ बुलाया है।

AAP विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा। फाइल फोटो
HighLights
ईडी ने आप विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा को समन भेजा।
जमीन घोटाले मामले में 25 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया।
सरकारी जमीनों के फर्जी अधिग्रहण और गलत मुआवजे का आरोप।
रमनजीत सिंह मणकू, चंडीगढ़। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आम आदमी पार्टी की मोगा से विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा को जमीन घोटाले के मामले में पूछताछ के लिए समन भेजा है।
ईडी सूत्रों के अनुसार विधायक को 25 नवंबर, 2026 को चंडीगढ़ स्थित जोनल कार्यालय में पेश होने का निर्देश दिया गया है। एजेंसी ने उनसे जांच के दायरे में चल रही संपत्तियों से जुड़े अतिरिक्त विवरण और दस्तावेज मांगे हैं और पेशी के दौरान संबंधित रिकॉर्ड साथ लाने को कहा है।
मामला सात सरकारी जमीनों के फर्जी तरीके से अधिग्रहण और गलत तरीके से मुआवजा बांटने से जुड़ा है। आरोप है कि इन जमीनों को धोखाधड़ी से अपने नाम करवाया गया और सरकारी मुआवजे का गलत वितरण किया गया।
एजेंसी ने सात ठिकानों पर तलाशी ली थी
डॉ. अरोड़ा वर्तमान में आप के पंजाब महिला विंग की अध्यक्ष भी हैं। यह कार्रवाई ईडी की उस 36 घंटे लंबी छापेमारी के कुछ दिन बाद हुई है, जिसमें एजेंसी ने सात ठिकानों पर तलाशी ली थी। इनमें मोगा स्थित विधायक का निवास, आइकन हाइट्स में एक फ्लैट, उनके पति डॉ. राकेश अरोड़ा से जुड़ी संपत्तियां तथा परिवार के अन्य सदस्यों और करीबियों के ठिकाने शामिल थे।
ईडी का कहना है कि छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज हाथ लगे हैं, जिनकी जांच के बाद अब विधायक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।