निलंबित DIG भुल्लर से जुड़े केस में ईडी जांच तेज, फाजिल्का के SSP के बाद रोपड़ रेंज के DIG स्पप्न शर्मा से पूछताछ
ईडी ने निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जांच तेज कर दी है। फाजिल्का एसएसपी के बाद रोपड़ रेंज के डीआईजी स्वपन शर्मा से भी पूछताछ की गई।

निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर के खिलाफ दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी की जांच तेज।
HighLights
ईडी ने निलंबित डीआईजी भुल्लर के मनी लॉन्ड्रिंग केस की जांच बढ़ाई।
रोपड़ रेंज के डीआईजी स्वपन शर्मा से ईडी ने पूछताछ की।
बिचौलिये कृष्णु शारदा के संदिग्ध नेटवर्क की ईडी कर रही है जांच।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पंजाब पुलिस के निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर के खिलाफ दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जांच तेज कर दी है।
वीरवार को फाजिल्का के एसएसपी और पूर्व हॉकी ओलंपियन गगन अजीत सिंह से पूछताछ के बाद शुक्रवार को रोपड़ रेंज के डीआईजी स्वपन शर्मा को तलब किया। स्वपन शर्मा चंडीगढ़ सेक्टर-17 स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे। उनसे मामले से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है।
भुल्लर से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है। गिरफ्तार बिचौलिये कृष्णु शारदा के मोबाइल फोन से मिली चैट और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच में कई आईएएस-आईपीएस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बातचीत के सबूत मिलने का दावा किया गया था।
अदालत में बताया गया है कि भुल्लर का बिचौलिया कृष्णु शारदा कथित तौर पर अधिकारियों के तबादले, पोस्टिंग, जमीन मुआवजे, एफआईआर और अन्य सरकारी कामों में पैसों के बदले मध्यस्थता करता था।
ईडी इस नेटवर्क और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। इसी सिलसिले में डीआईजी स्वपन शर्मा को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया। वहीं, फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह से भुल्लर से जुड़े रिश्वतखोरी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ की गई थी।
मीडिया से बातचीत में गगन अजीत सिंह ने बताया कि ईडी ने उनसे केवल सामान्य सवाल पूछे, जिनका संतोषजनक जवाब दिया गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अधिकारियों ने मुख्य रूप से कथित बिचौलिये कृष्ण शारदा से उनकी पहचान को लेकर सवाल किए थे और वे जांच में आगे भी पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं।