ईडी ने भुल्लर रिश्वत मामले में पंजाब के 7 अधिकारियों को तलब किया, भ्रष्टाचार नेटवर्क की जांच तेज
ईडी ने निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े रिश्वत मामले में जांच का दायरा बढ़ाया है, जिसमें पंजाब के पांच प्रशासनिक और दो पुलिस अधिकारियों सहित सात वर्तमान व सेवानिवृत्त अधिकारियों को पूछताछ के लिए तलब किया गया है।

निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े रिश्वत मामले में ईडी ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। फाइल फोटो
HighLights
ईडी ने भुल्लर रिश्वत मामले में जांच का दायरा बढ़ाया।
पंजाब के सात वर्तमान और सेवानिवृत्त अधिकारियों को समन।
बिचौलिए शारदा के माध्यम से बड़े भ्रष्टाचार नेटवर्क का खुलासा।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े रिश्वत मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। केंद्रीय एजेंसी ने पंजाब के पांच प्रशासनिक अधिकारियों और दो पुलिस अधिकारियों समेत सात वर्तमान और सेवानिवृत्त अधिकारियों को पूछताछ के लिए तलब किया है।
सभी अधिकारियों को इस सप्ताह अलग-अलग तारीखों पर चंडीगढ़ स्थित ईडी कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें पुलिस कमिश्नर, एसएसपी और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हैं।
ईडी की यह कार्रवाई भुल्लर और कथित बिचौलिये कृष्णानु शारदा से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले की जांच के तहत की गई है। एजेंसी को संदेह है कि शारदा पंजाब सरकार के कई अधिकारियों के संपर्क में था और उनके माध्यम से सरकारी कामकाज में अनुचित लाभ दिलाने के लिए पैसे का लेनदेन करता था।
ईडी के एक अधिकारी के अनुसार, जांच में अधिकारियों को अनुचित लाभ पहुंचाने में शारदा की भूमिका सामने आई है, जो राज्य में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार के नेटवर्क की ओर संकेत करती है।
ईडी ने सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के प्रशासनिक सचिव कुमार राहुल को पूछताछ के लिए बुलाया है। बुधवार को पीसीएस अधिकारी आनंद सागर शर्मा और सेवानिवृत्त अधिकारी अरुण सेखड़ी को पेश होने के लिए समन जारी किया गया है।
गुरुवार को फाजिल्का के एसएसपी गगन अजित सिंह, सामान्य प्रशासन विभाग की विशेष सचिव नीरू कात्याल गुप्ता और सेवानिवृत्त अधिकारी गुरप्रीत सपरा को तलब किया गया है। वहीं, पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा को शुक्रवार को ईडी कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं।
डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर और कृष्णानु शारदा को सीबीआई ने 16 अक्टूबर, 2025 को गिरफ्तार किया था। शारदा को डीआईजी की ओर से रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था। इसके बाद ईडी ने मामले में मनी लांड्रिंग की जांच शुरू की।
शारदा को ईडी ने 18 सितंबर, 2026 को गिरफ्तार किया, जबकि भुल्लर को 9 अक्टूबर, 2026 को गिरफ्तार किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले की जांच भी चल रही है।
सीबीआई की ओर से गिरफ्तारी के समय की गई तलाशी में 7.37 करोड़ रुपये नकद और 2.32 करोड़ रुपये के आभूषण बरामद किए गए थे। ईडी ने पूछताछ के बाद कृष्णानु शारदा के खिलाफ चंडीगढ़ स्थित विशेष पीएमएलए अदालत में अभियोजन शिकायत दाखिल की थी। एजेंसी का आरोप है कि शारदा कई सरकारी अधिकारियों के लिए संपर्क सूत्र के रूप में काम करता था और पैसे के बदले तबादलों, नियुक्तियों तथा अन्य सरकारी कार्यों में मदद करवाता था।
ईडी ने शारदा से करीब एक करोड़ रुपये की कथित अपराध से अर्जित संपत्ति का पता लगाया है। एजेंसी ने कई अधिकारियों के संदिग्ध वित्तीय लेनदेन का भी उल्लेख किया है।
इसके अलावा 26 लाख रुपये नकद की अस्थायी कुर्की की जानकारी अदालत को दी गई है। मामले में कथित भ्रष्टाचार नेटवर्क और वित्तीय लेनदेन से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।