सनटेक सिटी जमीन घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी अजय सहगल की 253.66 करोड़ की संपत्तियां अटैच
ईडी ने न्यू चंडीगढ़ के सनटेक सिटी प्रोजेक्ट में फर्जी हस्ताक्षर से भू-उपयोग परिवर्तन मामले में बड़ी कार्रवाई की है। मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत ₹253.66 करोड़ की चल-अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से अटैच की गई हैं।

सनटेक सिटी मामले में ईडी ने 253.66 करोड़ की संपत्तियां की अटैच।
HighLights
ईडी ने सनटेक सिटी में 253 करोड़ की संपत्ति अटैच की
फर्जी हस्ताक्षर से भू-उपयोग परिवर्तन का मामला सामने आया
मुख्य आरोपी अजय सहगल को पहले ही गिरफ्तार किया गया था
रोहित कुमार, चंडीगढ़। न्यू चंडीगढ़ के सनटेक सिटी प्रोजेक्ट में जमीन मालिकों के फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान के आधार पर जमीन का भू-उपयोग परिवर्तन (सीएलयू) हासिल करने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी के जालंधर जोनल कार्यालय ने मनी लांड्रिंग जांच के तहत 253.66 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से अटैच की हैं।
26 नवंबर को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की गई इस कार्रवाई में सनटेक सिटी, डिस्ट्रिक्ट सेवन और ला कैनेला की संपत्तियों के अलावा मोहाली के डाउनटाउन प्रोजेक्ट में हिस्सेदारी और तीन लग्जरी गाड़ियां भी शामिल हैं। ईडी ने जांच में करीब 348.01 करोड़ रुपये की अपराध से अर्जित संपत्ति का पता लगाया है।
ईडी ने पंजाब पुलिस की ओर से दर्ज एफआइआर के आधार पर यह जांच शुरू की थी। अजय सहगल और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। जांच एजेंसी के अनुसार, इंडियन कोआपरेटिव हाउस बिल्डिंग सोसायटी लिमिटेड के तत्कालीन सचिव अजय सहगल के कहने पर करीब 30.49 एकड़ जमीन के मालिकों के फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान वाले सहमति पत्र तैयार किए गए।
इन्हें पंजाब के नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग में जमा कराया गया। इन दस्तावेजों के आधार पर तीन जून 2016 को 108.58 एकड़ जमीन का सीएलयू हासिल कर लिया गया। इसके बाद प्रोजेक्ट का लेआउट प्लान मंजूर हुआ और 20 मार्च 2018 को गमाडा ने लाइसेंस जारी कर दिया। प्रोजेक्ट का पंजीकरण रेरा पंजाब में भी कराया गया।
जमीन पर कब्जा नहीं, फिर भी बना दिया लेआउट
ईडी की जांच में सामने आया कि स्वीकृत लेआउट प्लान में स्कूल, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, बिजली सब स्टेशन, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित जमीन, पार्क और व्यावसायिक स्थलों के लिए जिन जमीनों को शामिल किया गया था, उनमें शिकायतकर्ताओं की जमीन भी थी। एजेंसी के मुताबिक इन जमीनों पर सोसायटी का कब्जा नहीं था। इसके बावजूद प्रोजेक्ट का नक्शा मंजूर कराया गया।
नौ सितंबर 2018 को हुए संयुक्त विकास समझौते के तहत प्रोजेक्ट के विकास और बिक्री के अधिकार वीआरएस टाउनशिप्स प्राइवेट लिमिटेड को सौंप दिए गए। बाद में इस कंपनी का नाम बदलकर एबीएस टाउनशिप्स प्राइवेट लिमिटेड कर दिया गया। यह कंपनी सहगल परिवार से जुड़ी है। इसके बाद प्रोजेक्ट में प्लाट, स्वतंत्र मकान और व्यावसायिक इकाइयां बेचकर रकम जुटाई गई।
अजय और भाई के खातों से डाउनटाउन प्रोजेक्ट में निवेश
ईडी के अनुसार, एबीएस टाउनशिप्स से रकम एबीएस ग्रीन होम्स एलएलपी और एबीएस वाइब्रेंस टावर्स एलएलपी में भेजी गई। वहां से रकम अजय सहगल और उनके भाई संजय सहगल के व्यक्तिगत बैंक खातों तक पहुंची। इन खातों से करीब 24.22 करोड़ रुपये मोहाली के डाउनटाउन प्रोजेक्ट में निवेश किए गए। यह रकम आइकॉन ग्रुप नाम की साझेदारी फर्म में पूंजी के रूप में लगाई गई।
253.66 करोड़ रुपये की अटैच संपत्तियों में इंडियन कोआपरेटिव हाउस बिल्डिंग सोसायटी और एबीएस टाउनशिप्स की सनटेक सिटी, डिस्ट्रिक्ट सेवन और ला कैनेला में संपत्तियां शामिल हैं। इसके अलावा एबीएस बिल्डर्स एंड प्रमोटर्स एलएलपी के नाम पर जमीन और डाउनटाउन प्रोजेक्ट विकसित कर रही आइकॉन ग्रुप में संजय सहगल की 38.46 प्रतिशत साझेदारी भी अटैच की गई है।
2024 में रद हो चुका है लाइसेंस
ईडी के मुताबिक अजय सहगल ने गमाडा के लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करते हुए प्रोजेक्ट की 100 प्रतिशत जमीन हासिल नहीं की और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित जमीन भी गमाडा को हस्तांतरित नहीं की। पूर्णता या अधिभोग प्रमाणपत्र के बिना प्लाटों का कब्जा सौंपने के भी आरोप हैं।
गमाडा ने 10 जुलाई 2024 को प्रोजेक्ट का लाइसेंस रद कर दिया था। इसके बाद तीन अगस्त 2024 को संबंधित 30.49 एकड़ जमीन का सीएलयू निरस्त किया गया। रेरा पंजाब ने छह सितंबर 2024 को सनटेक सिटी, ला कैनेला और डिस्ट्रिक्ट सेवन का पंजीकरण भी रद कर दिया था।
इससे पहले ईडी ने सात मई 2026 को 14 ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान 30.98 लाख रुपये नकद जब्त किए गए और 21 बैंक खातों में जमा 65.93 लाख रुपये फ्रीज किए गए।
अजय सहगल को 22 मई 2026 को गिरफ्तार किया गया था। ईडी ने 20 जुलाई 2026 को मोहाली की विशेष पीएमएलए अदालत में उनके खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल की थी। मामले में आगे की जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।