प्रोस्टेट की बीमारी से बचना है तो टमाटर खाइये
देश के हर पांच में से दो पुरुष प्रोस्टेट संबंधी समस्यां से ग्रस्त है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : देश के हर पांच में से दो पुरुष प्रोस्टेट संबंधी समस्यां से ग्रस्त हैं। अगर इसका समय रहते इलाज नहीं कराया गया तो कैंसर हो सकता है। इस बीमारी से बचाव का सबसे आसान तरीका है, टमाटर का ज्यादा से ज्यादा सेवन करना। हरी सब्जियां और फलों के ज्यादा सेवन से इस गंभीर बीमारी के होने का खतरा कम किया जा सकता है। खासतौर पर रेड मीट ज्यादा खाने वाले लोगों में इसके होने का खतरा ज्यादा होता है। इसलिए नॉनवेज की बजाय वेजीटेरियन फूड लें। यह जानकारी पीजीआइ यूरोलॉजी डिपार्टमेंट के प्रो. संतोष कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि प्रोस्टेट ग्रंथी के बढ़ने से पेशाब करने में कई प्रकार की दिक्कत होती है। जिसे लोग जाने-अनजाने में नजरअंदाज करते हैं। इसे बिनाईन प्रोस्टेटिक हाईपरप्लासिया कहा जाता है। इस बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सितंबर माह विशेष तौर पर प्रोस्टेट केयर मंथ के रूप में मनाया जाएगा। जिसमें फ्री प्रोस्टेट टेस्ट के साथ ही अलग-अलग स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम होंगे। 30 साल के बाद होती है बीमारी
डॉ. संतोष ने बताया कि आमतौर पर यह बीमारी पुरुषों में 30 साल से पहले शुरू हो जाती है, जिसका समय पर सही इलाज न होने पर वह कैंसर का रूप ले लेता है। डॉ. संतोष ने बताया कि खानपान के साथ ही आनुवांशिकता भी इसके जिम्मेदार कारकों में से एक है। पीजीआइ में लेप्रोस्कोपिक के साथ ही रोबोटिक सर्जरी से इसके मरीजों का सफल इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस बीमारी से जुड़ी जानकारी के लिए वाट्सएप नंबर 7347266963 जारी किया है। जिसपर वॉट्सएप के जरिये इससे जुड़ी समस्या का समाधान प्राप्त किया जा सकता है।