PU को मिला नया वीसी, कुर्सी संभालते ही मेंटल हेल्थ के लिए टीचर-स्टूडेंट्स का रिश्ता मजबूत करने पर दिया जोर
पंजाब यूनिवर्सिटी को डॉ. टंकेश्वर कुमार के रूप में नया कुलपति मिला है। उन्होंने पदभार संभालते ही विद्यार्थियों की मानसिक सेहत सुधारने के लिए शिक्षक-छात्र संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया।

पंजाब यूनिवर्सिटी के नए वाइस चांसलर डॉ. टंकेश्वर कुमार।
HighLights
डॉ. टंकेश्वर कुमार ने नए वीसी का पद संभाला।
विद्यार्थियों की मानसिक सेहत सुधारने पर जोर।
प्रशासनिक व्यवस्था बेहतर बनाने का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) को नया वाइस चांसलर (वीसी) मिल गया है। डॉ. टंकेश्वर कुमार ने पदभार संभालते ही विद्यार्थियों की मानसिक सेहत को बेहतर बनाने के लिए टीचर-स्टूडेंट संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के व्यवहार और उनकी समस्याओं को समझने के लिए शिक्षकों को उनके साथ संवाद स्थापित करना चाहिए। यदि कोई बच्चा नियमित रूप से क्लास में नहीं आ रहा है तो शिक्षक को उसके या उसके अभिभावकों से बातचीत करनी चाहिए, ताकि अनुपस्थिति के कारणों को समझकर समाधान निकाला जा सके।
डॉ. टंकेश्वर कुमार ने यह बात वीरवार को पंजाब यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर का कार्यभार संभालने के बाद अपनी पहली प्रेस वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि बच्चों की मानसिक सेहत के लिए जरूरी है कि शिक्षक उनके साथ सहज और भरोसेमंद संबंध बनाएं। विद्यार्थियों की समस्याओं को नजरअंदाज करने के बजाय उन्हें समझने का प्रयास किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बच्चे घर में भी अपनी मांगें रखते हैं और कई बार जिद करते हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय में भी विद्यार्थियों की मांगों और अपेक्षाओं को समझने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के साथ संवाद के माध्यम से उनकी समस्याओं का समाधान निकालना प्राथमिकता रहेगी।
डॉ. कुमार ने कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी के दीक्षा समारोह से पहले सीनेट के गठन का प्रयास किया जाएगा। विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने क्यूएस (क्यूएस) रैंकिंग में विश्वविद्यालय की स्थिति सुधारने पर भी काम करने की बात कही। इसके लिए विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं को मजबूत करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।