मोहाली से कुराली तक लग रहा जाम, शनिवार-रविवार को पीक ऑवर्स में घर से निकलते समय रखें ध्यान
दीवाली से पहले मोहाली से कुराली तक खरीदारी और पटाखा स्टाॅल्स के कारण भारी ट्रैफिक जाम लग रहा है। अव्यवस्थित ...और पढ़ें

प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारों से लोग परेशान रहे।
HighLights
दीवाली खरीदारी से मोहाली से कुराली तक भारी जाम।
पटाखा स्टाॅल्स के बाहर बेतरतीब पार्किंग से व्यवस्था बिगड़ी।
शनिवार-रविवार को भी पीक ऑवर्स में जाम की आशंका।
जागरण संवाददाता, मोहाली। दीवाली से दो दिन पहले ही फेस्टिवल सीजन की भीड़ ने ट्रैफिक अव्यवस्था की मुश्किलें उजागर कर दीं। खरीदारी के लिए निकले वाहनों के कारण मोहाली, खरड़, कुराली, जीरकपुर और डेराबस्सी तक जाम लगा। प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारों से लोग परेशान रहे।
कुराली में स्थिति सबसे खराब रही। शनिवार और रविवार को पीक ऑवर्स में घर से निकलते समय ध्यान रखें। हाईवे, खरड़ बाईपास और शहर को जोड़ने वाली सड़कों पर दर्जनों पटाखा स्टाल लगे हैं।
मोहाली, खरड़, डेराबस्सी, जीरकपुर, रूपनगर और पंजाब के कई इलाकों से लोग पटाखे खरीदने पहुंच रहे हैं। स्टालों के बाहर सड़क किनारे खड़े वाहनों ने यातायात की रफ्तार रोक दी। हाईवे पर लगे स्टालों को मंजूरी किसने दी और पर्याप्त पार्किंग के इंतजाम क्यों नहीं किए गए, यह सवाल उठ रहा है।
दोपहर बाद तक खरड़ और कुराली में ट्रैफिक पुलिस अव्यवस्था संभालने के लिए नजर नहीं आई। खरड़-चंडीगढ़-कुराली हाईवे और फ्लाईओवर के प्रवेश प्वाॅइंट्स पर भी जाम रहा। शनिवार और रविवार को भी ऐसे हालात बने रहने की आशंका है। दिन के पीक ऑवर्स में लोगों को अधिक परेशानी हो सकती है।
चारपहिया वाहन लेकर निकलने से पहले ट्रैफिक और पार्किंग की स्थिति का आकलन करें। जरूरी होने पर ही भीड़भाड़ वाले बाजारों का रुख करें और दोपहिया वाहन को प्राथमिकता दें।