विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

निलंबित DIG भुल्लर रिश्वत केस में गवाह के माता-पिता को धमकी, चंडीगढ़ CBI कोर्ट में मौजूद दूसरे गवाह के उड़े होश

Published: Fri, 13 Nov 2026 05:38 PM (IST)

पंजाब के निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर के रिश्वत मामले में एक स्वतंत्र गवाह के माता-पिता को धमकी मिली है। ...और पढ़ें

रिश्वत केस में डीआईजी पद से निलंबित किया गया है हरचरण सिंह भुल्लर को।

रिश्वत केस में डीआईजी पद से निलंबित किया गया है हरचरण सिंह भुल्लर को।

HighLights

  1. आरोपितों के पक्ष में बयान देने का दबाव बनाने का दावा।

  2. सीबीआई कोर्ट में मौजूद दूसरा गवाह भी इससे घबरा गया।

  3. गवाह की मानसिक स्थिति देखते हुए जज ने काउंसलिंग की।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। आठ लाख रुपये रिश्वत मामले में पंजाब के निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर और बिचौलिये कृष्णु शारदा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। शुक्रवार को सीबीआई कोर्ट में सुनवाई के दौरान एक स्वतंत्र गवाह के माता-पिता को धमकी मिलने का मामला सामने आया।

खास बात यह रही कि इस धमकी की जानकारी जब अदालत में मौजूद दूसरे गवाह को मिली तो वह भी घबरा गया। उसकी मानसिक स्थिति देखते हुए विशेष सीबीआई जज भावना जैन ने उसे सहज महसूस करने के लिए कुछ समय तक उसकी काउंसलिंग की।

इसके बाद ही उसकी गवाही शुरू हो सकी। सीबीआई के सरकारी वकील नरेंद्र सिंह ने अदालत को बताया कि जम्मू में रह रहे एक अन्य स्वतंत्र गवाह के माता-पिता को किसी तरह की धमकी मिली है।

आरोप है कि गवाह पर अदालत में आरोपितों के पक्ष में बयान देने का दबाव बनाने के लिए ऐसा किया गया। इस संबंध में संबंधित गवाह ने सीबीआई को ई-मेल पर सूचना दी है। अदालत में मौजूद गवाह ने भी स्वीकार किया कि उसे दूसरे गवाह के परिवार को धमकी मिलने की जानकारी है।

इस घटनाक्रम से वह कुछ असहज और उलझन में नजर आया। कोर्ट ने उसे काउंसलिंग के जरिए सहज किया और कुछ समय दिया। गवाह को बिना किसी डर के बयान देने के लिए समझाया गया।

25 नवंबर को होगी जिरह

शुक्रवार को कोर्ट में मौजूद गवाह की मुख्य गवाही पूरी हो गई, लेकिन कृष्णु शारदा के वकील की मांग पर जिरह टाल दी गई। अदालत ने गवाह को 25 नवंबर के लिए तलब किया है। वहीं, स्वतंत्र गवाह के रूप में नामजद शख्स को भी अगली तारीख पर पेश होने के लिए समन जारी किया गया है।

यह है मामला

सीबीआई ने पिछले साल मंडी गोबिंदगढ़ के व्यापारी आकाश बत्ता की शिकायत पर भुल्लर और कृष्णु शारदा को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि बत्ता को एक आपराधिक मामले में फंसाने की धमकी देकर आठ लाख रुपये रिश्वत मांगी गई थी।

गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने भुल्लर के सेक्टर-40 स्थित आवास पर छापा मारा था जहां से करीब साढ़े सात करोड़ रुपये नकद, लग्जरी घड़ियां, सोना, महंगी शराब और संपत्ति के दस्तावेज मिले थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।