विदेश भेजने के नाम पर 80 लोगों को ठगने वाला इमीग्रेशन कंपनी मालिक गिरफ्तार Chandigarh News
प्रशासन की सख्ती के बावजूद कुछ इमीग्रेशन कंपनी वाले बिना लाइसेंस के अपना धंधा चलाकर लोगों को ठगने से बाज नहीं आ रहे हैं।
मोहाली, जेएनएन। प्रशासन की सख्ती के बावजूद कुछ इमीग्रेशन कंपनी वाले बिना लाइसेंस के अपना धंधा चलाकर लोगों को ठगने से बाज नहीं आ रहे हैं। फेज-8 थाना पुलिस ने ऐसा ही एक जालसाल को गिरफ्तार किया है जोकि बिना लाइसेंस के इमीग्रेशन कंपनी चलाकर लोगों से ठगी कर रहा था। आरोपित की पहचान लवप्रीत सिंह निवासी घुम्मणकलां जिला ब¨ठडा के रूप में हुई है। आरोपित को रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेशकर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।
एसएचओ फेज-8 जगदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फेज-9 में एक्सीलेंस सर्विसेज के नाम से इमीग्रेशन कंपनी चलाई जा रही है, जिनके पास लाइसेंस नहीं है और वह लोगों को विदेश भेजने का झांसा देकर ठगी कर रहे हैं। पुलिस ने उक्त कंपनी ऑफिस में रेड कर लवप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया। उक्त कंपनी दो लोग चला रहे थे। लवप्रीत सिंह के साथ उसका साथी जगदीप सिंह निवासी मोरिंडा भी कंपनी का पार्टनर है। जगदीप सिंह अभी फरार है जिसकी तालाश की जा रही है।
80 के करीब लोगों को ठग चुके हैं जालसाज
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपितों ने हरियाणा के एक युवक को कनाडा भेजने के नाम पर 75 हजार रुपये ठग लिए थे। आरोपितों ने उसका पासपोर्ट व अन्य जरुरी दस्तावेज अपने पास रखे थे परंतु न तो उसे बाहर भेजा ना ही उसके पैसे वापस किए। पुलिस ने उक्त मामले में हरियाणा के युवक को गवाह बनाया है। एसएचओ जगदीप ने बताया कि लवप्रीत की गिरफ्तारी के बाद 80 के करीब लोगों ने उन्हें शिकायत दी है कि उक्त जालसाजों ने उनके साथ भी ठगी की है। जिसकी जांच की जा रही है।