मोहाली के डेराबस्सी में सिक्योरिटी गार्ड्स ने बना रखा था चोर गैंग, हेरोइन भी बेचते थे; महिला समेत चार गिरफ्तार
डेराबस्सी में चोरी के गहनों की जांच के दौरान पुलिस ने नशा तस्करी का बड़ा खुलासा किया। तीन सिक्योरिटी गार्ड समेत चार लोग गिरफ्तार हुए, जिनसे 40 ग्राम हेरोइन और चोरी के गहने बरामद हुए।

पुलिस ने आरोपित को कोर्ट में पेश किया। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
चोरी की जांच में नशा तस्करी का खुलासा।
40 ग्राम हेरोइन और चोरी के गहने बरामद।
आरोपितों में एक महिला और एक नाबालिग।
संवाद सहयोगी, डेराबस्सी (मोहाली)। गांव गुलाबगढ़ में एक घर से सोने-चांदी के गहने चोरी होने के मामले की जांच में जुटी डेराबस्सी पुलिस के हाथ नशा तस्करी से जुड़े आरोपित भी लगे हैं।
पुलिस ने चोरी के गहने खरीदने के आरोप में विभिन्न फैक्ट्रियों में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करने वाले महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के गहनों के अलावा 40 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। वहीं, चोरी की वारदात में शामिल नाबालिग को भी पुलिस ने काबू किया है।
शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीएसपी डेराबस्सी वरिंदर सिंह खोसा ने बताया कि 26 नवंबर को गुलाबगढ़ निवासी सोना देवी ने घर से सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी होने की शिकायत दी थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक नाबालिग के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे काबू किया। उसके कब्जे से सोने के टॉप्स की एक जोड़ी बरामद हुई। पूछताछ के दौरान चोरी के बाकी गहने तीन अन्य लोगों को बेचने की बात सामने आई।
एसएसपी मोहाली वरुण शर्मा के निर्देशों पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव भगवानपुर निवासी गुरजीत सिंह, जिला फिरोजपुर के गांव बनावाली निवासी जसविंदर सिंह उर्फ गांधी और नागरा एन्क्लेव डेराबस्सी में रह रही लक्ष्मी कौर को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने चांदी की पाजेब, टॉप्स और 40 ग्राम हेरोइन बरामद की। पुलिस के मुताबिक आरोपित चोरी का सामान खरीदने-बेचने के साथ नशा तस्करी में भी संलिप्त थे। मामले में चोरी का सामान रखने और एनडीपीएस एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी गई हैं।
पॉक्सो एक्ट के मामले में भगोड़ा था गुरजीत
डीएसपी खोसा ने बताया कि गुरजीत सिंह के खिलाफ वर्ष 2023 में थाना डेराबस्सी में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। उक्त मामले में अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित किया हुआ था।
पुलिस ने तीनों वयस्क आरोपितों को अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है, जबकि नाबालिग को होशियारपुर स्थित सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर रही है। ऐसे में चोरी का सामान खरीदने और नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी खुलासा होने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।