विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहाली के डेराबस्सी में साझेदारी की जमीन का बिना सहमति सौदा, पंचकूला निवासी बिल्डर बाप-बेटे पर FIR

Published: Sat, 21 Nov 2026 05:38 PM (IST)

मोहाली के डेराबस्सी में साझेदारी की जमीन का बिना सहमति सौदा करने और गिरवी रखने के आरोप में बिल्डर बाप-बेटे पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। यह मामला अदालत के आदेश पर दर्ज किया गया है, जिसमें पार्टनरशिप डीड की शर्तों का उल्लंघन किया गया।

अक्षय गर्ग और उसके बेटे यज्ञ गर्ग के खिलाफ केस दर्ज।

अक्षय गर्ग और उसके बेटे यज्ञ गर्ग के खिलाफ केस दर्ज।

HighLights

  1. 33 बीघा 19 बिस्वा जमीन में दोनों पार्टनर बराबर हिस्सेदार।

  2. बिना सहमति जमीन बेचने और गिरवी रखने का मामला दर्ज।

  3. डेराबस्सी पुलिस ने अदालत के आदेश पर केस दर्ज किया।

संवाद सहयोगी, डेराबस्सी (मोहाली)। गांव सैदपुरा में साझेदारी की जमीन का दूसरे पार्टनर की सहमति के बिना सौदा करने और जमीन का हिस्सा गिरवी रखने के आरोप में डेराबस्सी पुलिस ने अदालत के आदेश पर बाप-बेटे के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

आरोपितों की पहचान पंचकूला के सेक्टर-21 निवासी अक्षय गर्ग और उसके बेटे यज्ञ गर्ग के रूप में हुई है। पंचकूला के एमडीसी सेक्टर-6 निवासी शिकायतकर्ता अशोक मित्तल ने अदालत में दायर याचिका में बताया कि वह और अक्षय गर्ग मैसर्स ओमकार बिल्डर्स एंड प्रमोटर्स फर्म में 50-50 प्रतिशत के साझेदार हैं।

वर्ष 2024 में दोनों के बीच पार्टनरशिप डीड हुई थी। इसके बाद फर्म के नाम पर वर्ष 2024 और 2025 के दौरान गांव सैदपुरा में कुल 33 बीघा 19 बिस्वा जमीन खरीदी गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, पार्टनरशिप डीड की शर्त संख्या 16 के तहत कोई भी साझेदार दूसरे की लिखित सहमति के बिना जमीन का सौदा या हस्तांतरण नहीं कर सकता था।

आरोप है कि इसके बावजूद अक्षय गर्ग ने दो मई 2025 को मैसर्स सतीश एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड के साथ जमीन के हिस्से का सौदा कर लिया। इसके बदले पांच मई को 15 लाख रुपये बयाने के तौर पर लिए गए, जो उसके बेटे यज्ञ गर्ग के एचडीएफसी बैंक खाते में जमा हुए।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि 13 मई 2025 को इसी जमीन को लेकर कुलदीप सिंह राणा के साथ भी बिक्री समझौता किया गया। इसके अलावा पार्टनरशिप डीड की शर्तों का खुलासा किए बिना जमीन का हिस्सा एडीसी कार्यालय में गिरवी रखने का भी आरोप है।

जांच में शामिल नहीं हुआ आरोपित पक्ष

पुलिस जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने अपने बयान दर्ज करवाकर संबंधित दस्तावेज पेश किए। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, बार-बार बुलाने के बावजूद दूसरा पक्ष जांच में शामिल नहीं हुआ। प्रारंभिक जांच में आरोपों को आपराधिक धाराओं के तहत जांच योग्य पाए जाने पर मामला दर्ज किया गया। आगे की जांच एएसआई भूपिंदर सिंह को सौंपी गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।