विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब: डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे चाचा-भतीजे पर गेट के बाहर हमला, थाने के पास ही मचा बवाल

Published: Wed, 25 Nov 2026 10:39 AM (IST)

डेराबस्सी में बल्लोपुर गांव के झगड़े के बाद सरकारी अस्पताल के बाहर चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना पुलिस थाने के पास हुई, जिससे शहर में कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।

HighLights

  1. डेराबस्सी में अस्पताल के बाहर चाचा-भतीजा गंभीर घायल हुए

  2. बल्लोपुर गांव के झगड़े के बाद अस्पताल तक पहुंचा विवाद

  3. पुलिस थाने के नजदीक घटना से सुरक्षा पर उठे सवाल

संवाद सहयोगी, डेराबस्सी। शहर की सड़कों पर मारपीट और गुंडागर्दी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन आपसी विवादों के सार्वजनिक स्थानों तक पहुंचने से कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

देर रात डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल के मुख्य द्वार के बाहर मारपीट का मामला सामने आया। घटना में चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। चिंताजनक बात यह है कि जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां से पुलिस थाना कुछ ही दूरी पर स्थित है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव बल्लोपुर में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े के दौरान एक व्यक्ति तेजधार हथियारों के हमले में घायल हो गया था। स्वजन उसे उपचार के लिए डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे।

आरोप है कि इसी दौरान 10 से 12 व्यक्तियों ने अस्पताल के मुख्य द्वार के बाहर घायल व्यक्ति के चाचा के साथ भी मारपीट की। घटना के बाद अस्पताल परिसर के बाहर तनावपूर्ण माहौल बन गया। दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पहली घटना नहीं, पहले भी सड़कों पर हो चुकी हैं मारपीट की वारदातें

डेराबस्सी में सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गुंडागर्दी का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी शहर की सड़कों पर मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

बार-बार ऐसी घटनाओं का होना पुलिस की गश्त और अपराध रोकने के लिए किए जा रहे प्रबंधों पर सवाल खड़े करता है। अब सरकारी अस्पताल के बाहर हुई घटना ने मरीजों और उनके स्वजन की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।

थाने के नजदीक भी सुरक्षित नहीं सार्वजनिक स्थल

सरकारी अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान के बाहर मारपीट की घटना होना गंभीर विषय है। सवाल उठता है कि जब पुलिस थाने के नजदीक ही ऐसी घटनाएं हो रही हैं तो शहर के अन्य क्षेत्रों में आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। फिलहाल मामले में हमलावरों के विरुद्ध पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।