चंडीगढ़ में PU और PGI के बीच अंडरपास का काम जल्द शुरू करने की मांग, निगम सचिव को लिखा पत्र
चंडीगढ़ नगर निगम की पूर्व मेयर राजबाला मलिक ने पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) और पीजीआइ के बीच बहुप्रतीक्षित पैदल मार्ग (अंडरपास) बनाने के लिए काम जल्द शुरू करने की मांग की है। राजबाला मलिक ने इस संबंध में नगर निगम के सचिव को पत्र लिखा है।
चंडीगढ़, जेएनएन। नगर निगम की पूर्व मेयर राजबाला मलिक ने पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) और पीजीआइ के बीच बहुप्रतीक्षित पैदल मार्ग (अंडरपास) बनाने के लिए काम जल्द शुरू करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने नगर निगम के सचिव को पत्र लिखा है। मालूम हो कि राजबाला मलिक इसी वार्ड की पार्षद है। लिखे गए पत्र में उन्होंने कहा कि इस सड़क पर काफी जाम रहता है, जिस कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अधिकतर लोग पीजीआइ जाने के लिए पीयू की तरफ से सड़क पार करते हैं। मरीज और तीमारदार बसों में आते है तो पंजाब विश्वविद्यालय की तरफ उतरते है और उसके बाद सड़क पार करके पीजीआइ में जाते है, ऐसे में ट्रैफिक ज्यादा होने के कारण उन्हें काफी परेशानी आती है। इसी तरह से पीजीआइ से पीयू की तरफ आने वाले लोगों को सड़क पार करने में परेशानी आती है।
राजबाला मलिक का कहना है कि यह लोगों की काफी लंबे से मांग है। मालूम हो कि प्रशासन इस अंडरपास का निर्माण करने के लिए प्लानिंग कर रहा है। ऐसे में इस प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द शुरू करके इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। उधर, प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि पीयू गेट और पीजीआइ मुख्य द्वार के बीच अंडरपास के निर्माण के लिए टेंडर्स जल्द ही अलाट किए जाएंगे।
7.20 करोड़ की लागत से बनेगा अंडरपास
प्रशासन के अनुसार अंडरपास के लिए अनुमानित लागत लगभग 7.20 करोड़ रुपये है। इसमें लोगों और मरीजों के लिए काफी सुविधाएं दी जाएंगी। यह अंडरपास 15 मीटर चौड़ा और 38 मीटर लंबा होगा। इसमें फोटोस्टेट जैसी बुनियादी सुविधाओं के अलावा 12 ऐसी दुकानें होंगी, जिनका उपयोग हर समय होता है। इनमें खाने पीने के सामान से लेकर अन्य शामिल हैं। वहीं सीढ़ी के अलावा, व्हीलचेयर पर बुजुर्गों और रोगियों की सुविधा के लिए अंडरपास में लिफ्ट और एस्केलेटर होंगे।