657 करोड़ के बैंक घोटाले में DAV काॅलेज का असिस्टेंट प्रोफेसर गिरफ्तार, दो साल से छुट्टी लेकर कर रहा था प्राॅपर्टी का काम
सीबीआई ने डीएवी कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर मनीष वैयर को 657 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले में गिरफ्तार किया है। वह एक सिंडिकेट के लिए नकदी और बैंक खातों के बीच रकम का लेन-देन कर रहा था, जिसे 'टू-वे कन्वर्टर' बताया गया है।

बैंक घोटाले में सीबीआई ने असिस्टेंट प्रोफेसर को किया गिरफ्तार। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
वह सिंडिकेट के लिए नकदी को बैंक रकम में बदलता था।
फर्जी कंपनियों, सरकारी फंडों का दुरुपयोग कर रहा था।
चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली में बनाई है करोड़ों की प्रॉपर्टी।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। 657 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले में सीबीआई ने चंडीगढ़ सेक्टर-10 स्थित डीएवी काॅलेज के काॅमर्स विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर मनीष वैयर को गिरफ्तार किया है। वह पिछले दो साल से छुट्टी लेकर प्राॅपर्टी की खरीद-फरोख्त का काम कर रहा था।
सीबीआई के अनुसार वह आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और एयू स्माल फाइनेंस बैंक से जुड़े घोटाले की रकम ठिकाने लगाने वाले सिंडिकेट के लिए काम कर रहा था। वह नकदी और बैंक खातों के बीच रकम का लेन-देन करता था। सीबीआई ने उसे सिंडिकेट का 'टू-वे कन्वर्टर' बताया है।
शनिवार को उसे पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। मनीष वैयर चंडीगढ़ रियल एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड का अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता है। मोहाली के एचएलपी गैलेरिया में उसका कार्यालय है। इसके अलावा चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली में उसके आवास हैं।
सीबीआई के अनुसार हरियाणा के विभिन्न विभागों, क्रेस्ट और चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड की सरकारी रकम को फर्जी कंपनियों के जरिए दूसरे खातों में भेजा गया। इसके बाद रकम को नकदी में बदलकर ठिकाने लगाया गया।
जांच एजेंसी ने अदालत में बताया कि इस पूरे लेन-देन में मनीष वैयर की अहम भूमिका थी। वह रिभव ऋषि के नेतृत्व वाले सिंडिकेट के लिए नकदी और बैंक खातों के बीच रकम का लेन-देन करता था।
सिंडिकेट का 'टू-वे कन्वर्टर'
सीबीआई ने उसे सिंडिकेट का 'टू-वे कन्वर्टर' बताया है। एजेंसी के मुताबिक, सिंडिकेट से जुड़ी कंपनियां जब आरटीजीएस के जरिए उसे रकम भेजती थीं तो वह बदले में नकदी देता था। वहीं सिंडिकेट के पास मौजूद नकदी को बैंकिंग माध्यम से वापस भेजने का काम भी करता था।
नकदी उसके कार्यालय और आवास पर पहुंचाई जाती थी। कई बार उसके सहयोगियों के जरिए भी यह लेन-देन होता था। यह पूरा काम रिभव ऋषि के निर्देश पर किया जाता था और जनवरी तक जारी रहा।
39 ट्रांजेक्शन में मिले 14.63 करोड़ रुपये
सीबीआई के मुताबिक नवंबर 2023 से दिसंबर 2025 के बीच सिंडिकेट से जुड़ी कंपनियों ने मनीष वैयर और उसकी कंपनी को 39 ट्रांजेक्शन में करीब 14.63 करोड़ रुपये भेजे। इसके बदले 42 ट्रांजेक्शन के जरिए करीब 13.68 करोड़ रुपये वापस लिए गए।
जांच में 24 दिसंबर 2025 का एक ट्रांजेक्शन भी सामने आया है। इस दिन एसआरआर प्लानिंग गुरुस के खाते में पंचकूला नगर निगम से 1.55 करोड़ रुपये आए थे। इसी दिन कंपनी ने मनीष वैयर की कंपनी को 1.30 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए।
अप्रैल 2025 में कैपको फिनटेक सर्विसेज ने मनीष वैयर को आरटीजीएस के जरिए 24.50 लाख रुपये और चेक से 24.50 लाख रुपये दिए थे। सीबीआई के अनुसार, डिजिटल साक्ष्यों में सामने आए नकदी के लेन-देन से इन भुगतानों का संबंध मिला है।
रिभव ऋषि के खाते में भेजे 1.30 करोड़
सीबीआई के अनुसार एक सितंबर 2025 को सिंडिकेट से नकदी मिलने के बाद मनीष वैयर की कंपनी ने एसआरआर प्लानिंग गुरुस को 50 लाख और 10 लाख रुपये भेजे। कंपनी ने इसी दिन यह रकम रिभव ऋषि के निजी खाते में ट्रांसफर कर दी।
इसके बाद 2 सितंबर को 40 लाख और तीन सितंबर को 30 लाख रुपये इसी माध्यम से भेजे गए। सीबीआई का आरोप है कि इस तरह रिभव ऋषि के खाते में कुल 1.30 करोड़ रुपये बैंकिंग माध्यम से पहुंचाए गए, ताकि नकदी को बैंक की रकम के रूप में दिखाया जा सके
फर्जी कर्ज और जमीन सौदे के दस्तावेज बनाने का आरोप
सीबीआई के मुताबिक लेन-देन को सही दिखाने के लिए मनीष वैयर ने कागजी दस्तावेज भी तैयार किए। इनमें रिभव ऋषि और कैपको फिनटेक सर्विसेज को अधिक ब्याज पर कर्ज देने से संबंधित दस्तावेज शामिल हैं।
5 अगस्त 2024 को कैपको फिनटेक सर्विसेज के खाते में क्रेस्ट से 2.50 करोड़ रुपये आए थे। इसके तीन दिन बाद कंपनी ने क्रिस्टल प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड को 50 लाख रुपये का भुगतान किया। सीबीआई का आरोप है कि इस भुगतान की व्यवस्था मनीष वैयर ने की थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।