चंडीगढ़ में डंपिंग ग्राउंड को हर्बल गार्डन में बदलेगा संत समाज, यहां लोग स्वच्छ हवा में व्यायाम करने आएंगे
चंडीगढ़ के डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड को संत समाज और नगर निगम मिलकर हर्बल गार्डन में बदलेंगे। यहां 3.50 लाख पौधे लगाए जाएंगे। यहां लोग स्वच्छ हवा में व्यायाम करने आएंगे।

चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया को गुलाब का फूल देते आचार्य स्वामी राजेश्वरानंद महाराज।
HighLights
आचार्य स्वामी राजेश्वरानंद महाराज ने की घोषणा।
संत समाज और निगम 3.50 लाख पौधे लगाएंगे।
चंडीगढ़ को 'हर्बल गार्डन सिटी' बनाने का लक्ष्य।
बलवान करिवाल, चंडीगढ़। डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड को अब नई पहचान मिलने वाली है। वर्षों तक कचरे के पहाड़ के रूप में शहर की पहचान पर दाग बने रहे इस स्थान पर अभी तक दुर्गंध के कारण कोई जाने से भी कतराता था। लेकिन अब यहां लोग स्वच्छ हवा लेने व्यायाम करने जाएंगे।
डंपिंग ग्राउंड से पुराना कचरा हटने के बाद वापस मिली जमीन को संत समाज हर्बल गार्डन और हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करेगा। आचार्य स्वामी राजेश्वरानंद महाराज ने रविवार को घोषणा की। संत समाज डड्डूमाजरा के रिक्लेम किए गए डंपिंग ग्राउंड को गोद लेकर यहां औषधीय पौधे, देसी प्रजातियों के पेड़ और सजावटी पौधे लगाएगा।
यहां नगर निगम ने जुलाई में बड़े स्तर पर जो पौधारोपण किया था अब वहां फूल खिलने लगे हैं हरियाली दिखने लगी है। सिंथेटिक ट्रैक बनाए जा चुके हैं। ओपन एयर जिम जैसी सुविधा होगी।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ में कचरे का पहाड़, सांसद तिवारी ने लोकसभा में उठाया सवाल, केंद्र सरकार का जवाब-स्थानीय निकाय जिम्मेदार
हर्बल गार्डन सिटी बनेगा चंडीगढ़
नगर निगम और स्वामी राजेश्वरानंद महाराज ट्रस्ट के संयुक्त सहयोग से चंडीगढ़ में 3.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान के जरिए शहर को हर्बल गार्डन सिटी के रूप में विकसित करने की योजना है। सेक्टर-24सी की ग्रीन बेल्ट में आयोजित मेगा पौधारोपण अभियान का शुभारंभ पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने किया।
इस अवसर पर मेयर सौरभ जोशी, आचार्य स्वामी राजेश्वरानंद महाराज सहित विभिन्न धार्मिक संप्रदायों के सैकड़ों संत मौजूद रहे। प्रशासक, मेयर और संतों ने संयुक्त रूप से पौधे लगाए और संत समाज की ओर से उपलब्ध कराए गए पौधों से भरे वाहनों को रवाना किया।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ में कचरे का पहाड़ हटाने पर 101 करोड़ खर्च; विपक्ष दल ने उठाए थे सवाल, निगम बैठक में मिलेगा जवाब
औषधीय पौधों और आयुर्वेद का विशेष महत्व
आचार्य स्वामी राजेश्वरानंद महाराज ने कहा कि भारत की प्राचीन परंपरा में औषधीय पौधों और आयुर्वेद का विशेष महत्व रहा है। जरूरत है कि इस परंपरा को फिर से जनजीवन का हिस्सा बनाया जाए।
संत समाज चंडीगढ़ को हर्बल गार्डन सिटी बनाने के लिए पौधारोपण, औषधीय उद्यानों के विकास और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करेगा। डड्डूमाजरा में विकसित होने वाला हर्बल क्षेत्र इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

चंडीगढ़ में आयोजित मेगा पौधारोपण अभियान में पहुंचे संत और अन्य।
पेड़ पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार
प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने पर्यावरण संरक्षण को समय की जरूरत बताते हुए कहा कि पेड़-पौधे केवल वातावरण को स्वच्छ बनाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार भी हैं।
उन्होंने संत समाज और शहरवासियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से आगे आने की अपील की। उन्होंने आयुर्वेद और पारंपरिक औषधीय पद्धतियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल 3.50 लाख पौधे लगाना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्थायी हरित विरासत तैयार करना है। डड्डूमाजरा के पुराने डंपिंग ग्राउंड को हरित संपदा में बदलना इसी सोच का हिस्सा है।
शहर के प्रमुख ग्रीन एरिया में होगा पौधारोपण
नगर निगम के इस अभियान के तहत शहर के कई प्रमुख पार्कों और हरित क्षेत्रों में पौधे लगाए जाएंगे। इनमें सेक्टर-24 का रामलीला मैदान, सेक्टर-23 की बैंबू वैली, लेजर वैली, शांति कुंज, राजेंद्र गार्डन, जापानी गार्डन और मनीमाजरा का शिवालिक गार्डन शामिल हैं। इसके अलावा शहर की अन्य ग्रीन बेल्ट में भी पौधारोपण किया जाएगा।
अभियान में नीम, आंवला, बांस, औषधीय जड़ी-बूटियों और स्थानीय प्रजातियों के पेड़ों को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे शहर के हरित क्षेत्र को बढ़ाने के साथ जैव विविधता को भी मजबूत करने का प्रयास होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।