कर्फ्यू के बीच बिना बताए शहर से बाहर जाने पर कांस्टेबल सस्पेंड Chandigarh News
सेक्टर-36 थाने में तैनात कांस्टेबल राम अवतार पर कार्रवाई हुई है। उसने 2009 बैच में चंडीगढ़ पुलिस विभाग कांस्टेबल की पोस्ट पर ज्वॉइन किया था।
चंडीगढ़, जेएनएन। कोरोना की वजह से लागू कर्फ्यू ड्यूटी में 20 प्रतिशत फोर्स को रोटेशन के तहत आराम देने की प्रक्रिया पर गड़बड़ी सामने आ गई। सेक्टर-36 थाने में तैनात कांस्टेबल राम अवतार एक दिन का आराम मिलने पर बिना विभाग को सूचित किए हरियाणा के जिला महेंद्रगढ़ के नारनौल स्थित पैतृक घर चला गया। जिसकी जानकारी मिलने पर विभाग की ओर से तुरंत उसे सस्पेंड कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेक्टर-36 थाने में तैनात कांस्टेबल राम अवतार पर कार्रवाई हुई है। उसने 2009 बैच में चंडीगढ़ पुलिस विभाग कांस्टेबल की पोस्ट पर ज्वॉइन किया था। एसपी विनीत कुमार के अनुसार कांस्टेबल को एक दिन का आराम दिया गया था। जिसके तहत वह बिना बताए चंडीगढ़ से बाहर नही जा सकता था। इसके बावजूद वह चंडीगढ़ से बाहर चला गया। जिसकी वजह से उसे सस्पेंड किया गया है। उसे क्वारंटाइन भी किया गया है।
--------------------
नहीं कटेगा किसी का वेतन
एडवाइजर मनोज कुमार परिदा ने एक बार फिर सभी कर्मचारियों को आश्वस्त किया है कि उनका कफ्र्यू लॉकडाउन के दौरान अनुपस्थित रहने पर वेतन नहीं कटेगा। एडवाइजर ने कहा कि सभी कांट्रेक्चुअल, डेली वेज और दूसरे सभी वर्करों का वेतन नहीं काटा जाएगा। यह फैसला प्रशासन ने लिया है। कफ्र्यू जितने भी दिन का हो उनके अनुपस्थित रहने पर भी पूरा वेतन दिया जाएगा। बता दें चंडीगढ़ के सभी विभागों सैकड़ों वर्कर आउटसोर्स और डेली वेज हैं। जिन्हें छुट्टी होने की वजह से अपनी सेलरी कटने का डर सता रहा है। वह लगातार सोशल मीडिया के जरिए अधिकारियों से मांग कर रहे थे। जिस पर एडवाइजर ने ऑर्डर जारी कर उन्हें आश्वासन दिया।