Move to Jagran APP

'ट्री मैन' के नाम से मशहूर है चंडीगढ़ पुलिस का ये कांस्टेबल, 30 लाख खर्च कर लगाए दो लाख पौधे

पर्यावरण संरक्षण को लेकर कांस्टेबल देवेंद्र सूरा का जज्बा काबिलेतारीफ है। पौधे लगाने की एक छोटी सी शुरुआत को अब कांस्टेबल देवेंद्र सूरा ने महाअभियान बना दिया है।

By Edited By: Published: Fri, 16 Aug 2019 09:54 PM (IST)Updated: Sat, 17 Aug 2019 01:46 PM (IST)
'ट्री मैन' के नाम से मशहूर है चंडीगढ़ पुलिस का ये कांस्टेबल, 30 लाख खर्च कर लगाए दो लाख पौधे

चंडीगढ़ [डॉ. सुमित सिंह श्योराण]। शहरों में ही नहीं, गांवों में भी बढ़ता प्रदूषण सबसे बड़ी समस्या बन जाएगा। हालात ऐसे ही रहे तो आने वाले सालों में इंसान ही नहीं दूसरे जीवों की जिंदगी बहुत मुश्किल हो जाएगी। पर्यावरण संरक्षण को लेकर शहर के एक कांस्टेबल का जज्बा काबिलेतारीफ है। पौधे लगाने की एक छोटी सी शुरुआत को अब कांस्टेबल देवेंद्र सूरा ने महाअभियान बना दिया है।

चंडीगढ़ पुलिस में तैनात 32 साल के कांस्टेबल देवेंद्र सूरा को पौधे लगाने का ऐसा जुनून है कि अभी तक पौधारोपण अभियान के तहत वह चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली में 2 लाख से अधिक विभिन्न तरह के पौधे लगा चुके हैं। देवेंद्र ने मौजूदा सीजन में ही 32 हजार पौधे लगाए हैं। देवेंद्र न सिर्फ खुद पौधे लगाते हैं, बल्कि युवाओं को भी इसके लिए प्रेरित करते हैं। कड़ी मेहनत से इन्होंने अभी तक 286 गांवों में 10 हजार से अधिक युवाओं की पर्यावरण मित्र के तौर पर युवा ब्रिगेड तैयार कर दी है जोकि गांवों में जाकर लोगों को पौधे लगाने के साथ-साथ उन्हें बचाने का भी संकल्प देते हैं। बेटियां भी इस अभियान में पूरे उत्साह के साथ जुड़ रही हैं। मानसून सीजन में छुट्टी लेकर अपने साथियों के साथ देवेंद्र पौधारोपण अभियान में जुट जाते हैं। साइकिल और बैलगाड़ी के जरिये लोगों तक निशुल्क पौधे पहुंचाते हैं।

देवेंद्र सूरा ने कहा कि वह दैनिक जागरण के पौधारोपण अभियान पौधे लगाएं पर्यावरण बचाएं से काफी प्रभावित हैं। पूरी सैलरी पौधे लगाने पर खर्च, नर्सरी बनाने को 13 लाख का लिया कर्ज सोनीपत (हरियाणा) निवासी देवेंद्र सूरा काफी सामान्य परिवार से ताल्लुक रखते हैं। फौज से रिटायर्ड पिता बैंक में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं। बीते कई सालों से सूरा अपना पूरा वेतन पौधे तैयार करने में लगा देते हैं। नर्सरी बनाने के लिए इन्होंने 13 लाख का लोन तक ले डाला जिसे किश्तों में पूरा कर रहे हैं। अभी तक देवेंद्र पौधों पर 30 लाख से अधिक राशि खर्च कर चुके हैं।

दैनिक जागरण से बातचीत में देवेंद्र ने बताया कि बाहर से पौधे खरीदने में काफी अधिक खर्च आता था, बड़वासनी गांव में 2 एकड़ शामलाट जमीन लेकर उन्होंने खुद ही पौध तैयार करनी शुरू कर दी है। सूरा गांवों में जाकर नीम, जामुन, पीपल, बड़ जैसे पौधे लगाते हैं।  देवेंद्र ने बताया कि अगले सीजन के लिए उन्होंने नर्सरी में 1 लाख 40 हजार नये पौधे तैयार करना शुरू कर दिया है। सोनीपत के एक गांव किलोहद और सोनीपत के सेक्टर-23 में एक साथ 40 हजार पौधे लगाने का टारगेट रखा है।

सिटी ब्यूटीफुल को देखकर मिली प्रेरणा
ट्री मैन के नाम से मशहूर हो चुके देवेंद्र सूरा बताते हैं कि जब वह 2012 में चंडीगढ़ पुलिस में भर्ती होने के लिए आए तो शहर की हरियाली ने उन्हें काफी प्रभावित किया। इसके बाद तो देवेंद्र ने अपने गांव और शहर को हराभरा बनाने का मिशन शुरू कर दिया। चंडीगढ़ में भी सूरा पौधारोपण अभियान के तहत काफी पौधे लगा चुके हैं। देवेंद्र कहते हैं कि आने वाले सालों में वह दूसरे राज्यों में भी इस अभियान को बड़े स्तर पर चलाने की कोशिश करेंगे।

इनका स्लोगन ..हरियाली बढ़ाओ, साइकिल चलाओ
देवेंद्र बताते हैं कि पर्यावरण को बचाने के लिए पौधे लगाने के साथ वाहनों की जगह साइकिल का इस्तेमाल बढ़ाना होगा। जिसके लिए उन्होंने खास साइकिल क्लब बनाया है। इस क्लब में 3500 लड़के और 126 लड़कियां जुड़ चुकी हैं। इतना ही नहीं कई एचसीएस, आइपीएस अधिकारी भी देवेंद्र सूरा के पौधारोपण और साइकिल अभियान के साथ जुड़े हुए हैं। पर्यावरण के प्रति देवेंद्र के जज्बे को देखते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 15 अगस्त 2019 को सोनीपत में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह पर विशेष तौर पर सम्मानित किया है। इससे पहले चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा 26 जनवरी 2018 को देवेंद्र को चंडीगढ़ का स्टेट अवॉर्ड भी मिल चुका है। हरियाली बढ़ाओ साइकिल चलाओ के स्लोगन पर यह लोगों खास तौर से युवाओं को मोटिवेट करते हैं।

अच्छे काम के लिए सिर्फ पैसों की जरूरत नहीं होती। कुछ करने का मजबूत जज्बा हो तो राहें खुद आसान हो जाती हैं। पर्यावरण और साइकिल अभियान में अब हजारों की संख्या में पर्यावरण मित्र मेरे साथ जुड़ चुके हैं। इस अभियान का एक दूसरा मकसद युवाओं को अच्छे काम में लगाकर उन्हें नशे से दूर रखना है। लोगों के सहयोग से ही अभी तक 2 लाख 12 हजार पौधे शहर और गांवों में लगा चुका हूं। -देवेंद्र सूरा, पर्यावरण प्रेमी और चंडीगढ़ पुलिस में कांस्टेबल।


हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

loksabha election banner

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.