पंजाब में किसी पार्टी से गठजोड़ नहीं करेगी कांग्रेस : अमरिंदर
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि राज्य में कांग्रेस को किसी भी दल से गठबंधन करने की जरूरत नहीं है। वैसे, इस पर अंतिम फैसला पार्टी आलाकमान करेगा।
जेएनएन, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस को पंजाब में 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए किसी पार्टी से गठजोड़ करने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस खुद आसानी से इस चुनाव के दौरान जीत हासिल करेगी। गठजोड़ के बारे में अंतिम फैसला पार्टी आलाकमान करेगा।
कैप्टन ने गुरदासपुर संसदीय उपचुनाव और शाहकोट विधानसभा उपचुनाव सहित हाल ही में हुए विभिन्न चुनावों के दौरान कांग्रेस को बड़ी जीत का जिक्र किया। उन्होंने कहा, ऐसे में स्पष्ट है कि राज्य में किसी पार्टी से गठजाेड़ करने की कोई जरूरत नहीं है। पंजाब में आम आदमी पार्टी का आधार पूरी तरह खिसक गया है। उन्होंने कभी भी पंजाब में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठजोड़ की बात नहीं की।
यह भी पढ़ें: सुखपाल खैहरा बोले - आप व कांग्रेस में गठबंधन पर फिलहाल कोई बात नहीं
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने दोहराया कि चुनाव से पहले गठजोड़ संबंधी अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान द्वारा किया जाना है और उसकी तरफ से लिया गया फैसला माना जाएगा। राजनीतिक गठजोड़ पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के अधिकार क्षेत्र में है और उसकी तरफ से फैसला उचित समय पर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: पत्नी से विवाद में जज के सामने लगा दिया सिक्कों का ढेर, पढ़ें क्या है मामला
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां तक पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का संबंध है, उसकी तरफ से अपने विचार पार्टी हाईकमान के सामने उस समय रखे जाएंगे जब इसके लिए कहा जाएगा। पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व हर राज्य में ज़मीनी स्थितियों को ध्यान में रखेगा और कोई भी गठजोड़ करने से पहले राज्य इकाइयों की राय लेगा। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी भी इस मुद्दे पर विचार कर रही है और जरूरत पड़ने पर आम सहमति तैयार की जाएगी।