विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ निगम चुनाव में किसपर खेला जाए दांव? दिल्ली में कांग्रेस का मंथन कल; 28 को होगी उम्मीदवारों की घोषणा

Published: Tue, 24 Nov 2026 06:28 PM (IST)

कांग्रेस चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के उम्मीदवारों पर दिल्ली में मंथन कर रही है, जिनकी घोषणा 28 नवंबर को की जाएगी। पार्टी के सामने टिकट वितरण के बाद संभावित नाराजगी और बगावत को रोकने की भी बड़ी चुनौती है, क्योंकि 175 दावेदार 35 सीटों के लिए दौड़ में हैं।

नगर निगम चुनाव के लिए 23 दिसंबर को होगा मतदान। (सांकेतिक फोटो)

नगर निगम चुनाव के लिए 23 दिसंबर को होगा मतदान। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. सांसद मनीष तिवारी, अध्यक्ष लकी और बंसल गुट सक्रिय।

  2. 35 टिकटों की दौड़ में करीब 175 जता रहे दावेदारी।

  3. टिकट कटने की आशंका से बगावत रोकना बड़ी चुनौती।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। 23 दिसंबर को होने वाले नगर निगम चुनाव के लिए किस पर दांव खेला जाए, इस पर कांग्रेस का बुधवार को नई दिल्ली में मंथन होगा। इसके बाद 28 नवंबर को उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।

नामांकन से ठीक पहले कांग्रेस ने चंडीगढ़ में संगठनात्मक बदलाव करते हुए कमलकांत शर्मा और राहुल राजभर को जिम्मेदारी सौंपी है। इससे 35 वार्डों के उम्मीदवारों के चयन और स्थानीय संगठन के साथ समन्वय में उनकी भूमिका अहम हो सकती है।

कांग्रेस के सामने उम्मीदवार तय करने के साथ टिकट वितरण के बाद नाराजगी और बगावत रोकने की भी चुनौती है। करीब 175 दावेदार 35 टिकटों की दौड़ में हैं।

मौजूदा पार्षदों में से 5 से 6 को मिल सकता मौका

पार्टी पहले ही संकेत दे चुकी है कि मौजूदा दस पार्षदों में से केवल पांच से छह को दोबारा मौका मिल सकता है। ऐसे में कई पार्षदों के टिकट कटने की आशंका है। सांसद मनीष तिवारी और प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व वार्डवार फीडबैक तथा आंतरिक सर्वे के आधार पर उम्मीदवारों को शार्टलिस्ट कर रहे हैं।

पवन बंसल से ली जा रही राय

बुधवार को दिल्ली में टिकट चयन पर बैठक होगी। इसमें प्रभारी रजनी पाटिल और नवनियुक्त सह प्रभारी शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक, नाम तय करने से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल से भी बातचीत की जा रही है। पिछले नगर निगम चुनाव में टिकट वितरण में बंसल की अहम भूमिका रही थी। शहर में सांसद मनीष तिवारी, अध्यक्ष लकी और बंसल गुट सक्रिय हैं।

बंसल गुट भी अपने समर्थकों को टिकट दिलाने का प्रयास कर रहा है। आम आदमी पार्टी पहली दो सूचियों में 17 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है और बाकी वार्डों के लिए बैठकें कर रही है। नामांकन की समयसीमा नजदीक होने से कांग्रेस के पास उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने और संभावित नाराजगी संभालने के लिए सीमित समय है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।