पंजाब चुनाव के लिए कांग्रेस की टिकट प्रक्रिया तेज, इसी सप्ताह चंडीगढ़ आएगी स्क्रीनिंग कमेटी
पंजाब कांग्रेस में विधानसभा चुनाव के लिए टिकट चयन प्रक्रिया अगले चरण में पहुंच गई है, जिसमें 42 सदस्यीय चुनाव समिति ने अपनी रिपोर्ट हाईकमान को सौंप दी है।
-1795862285319_m.webp)
कांग्रेस टिकट के दावेदारों से इसी सप्ताह चंडीगढ़ में होगी स्क्रीनिंग कमेटी से बातचीत। फाइल फोटो
HighLights
42 सदस्यीय चुनाव समिति ने हाईकमान को रिपोर्ट सौंपी
तीन सदस्यीय स्क्रीनिंग कमेटी चंडीगढ़ में दावेदारों से मिलेगी
15 दिसंबर तक कांग्रेस की पहली सूची संभव
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की टिकट चयन प्रक्रिया अब अगले चरण में पहुंच गई है। 42 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति की बैठक के बाद पार्टी हाईकमान को सुझावों और संभावित उम्मीदवारों की रिपोर्ट सौंप दी गई है।
अब इसी सप्ताह तीन सदस्यीय स्क्रीनिंग कमेटी चंडीगढ़ पहुंचकर टिकट के दावेदारों से सीधे बातचीत करेगी। इस प्रक्रिया के बाद संभावित उम्मीदवारों के नाम शॉर्टलिस्ट कर हाईकमान को भेजे जाएंगे, जहां टिकटों पर अंतिम फैसला होगा।
कांग्रेस में इस बार कई विधानसभा सीटों पर टिकट के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। कुछ सीटों पर आठ से दस नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश की है। ऐसे में पार्टी के लिए जिताऊ उम्मीदवार चुनने के साथ स्थानीय समीकरण, दावेदारों की सक्रियता, जनाधार और सर्वे रिपोर्ट के बीच संतुलन बनाना चुनौतीपूर्ण होगा।
पंजाब कांग्रेस की 42 सदस्यीय चुनाव समिति का गठन पहले ही किया जा चुका है। समिति की बैठक में टिकट वितरण को लेकर विभिन्न नेताओं ने अपने सुझाव दिए थे। इसके बाद चुनाव समिति ने अपनी रिपोर्ट स्क्रीनिंग कमेटी को भेज दी है। अब स्क्रीनिंग कमेटी चुनाव समिति के सुझावों, पार्टी की ओर से कराए गए विभिन्न सर्वे और टिकट के दावेदारों के साथ बातचीत के आधार पर नामों की पड़ताल करेगी।
तीन सदस्यीय स्क्रीनिंग कमेटी में डॉ. एस प्रसाद, सचिन सावंत और निवेदित अलवर शामिल हैं। पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह और नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा एक्स ऑफिशियो सदस्य के तौर पर समिति से जुड़े हैं।
स्क्रीनिंग कमेटी की चंडीगढ़ में प्रस्तावित बैठक को टिकट चयन की दिशा में अहम माना जा रहा है। इसके बाद कांग्रेस की पहली सूची जारी होने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।
15 दिसंबर तक पहली लिस्ट कांग्रेस की ओर से जारी होने की संभावना है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि अगले कुछ दिनों में स्क्रीनिंग कमेटी के सामने संभावित उम्मीदवारों को लेकर बातचीत होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।