Congress ने भाजपा पर साधा निशाना: कहा- राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता खत्म कर BJP ने किया लोकतंत्र का चीरहरण
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि मोदी सरकार ने राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता खत्म करके लोकतंत्र का चीरहरण किया है। अगर भाजपा यह सोच रही हैं कि सदस्यता खत्म करके राहुल गांधी की आवाज को दबाया जा सकता है तो यह उनकी भूल है।
चंडीगढ़, राज्य ब्यूरो : कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि मोदी सरकार ने राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता खत्म करके लोकतंत्र का चीरहरण किया है। अगर भाजपा यह सोच रही हैं कि सदस्यता खत्म करके राहुल गांधी की आवाज को दबाया जा सकता है तो यह उनकी भूल है।
यह एक लंबी लड़ाई हैं। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों के साथ बातचीत करने पहुंची श्रीनेत ने कहा कि भाजपा ने रिवर्स इंजीनियरिंग प्रोसेस की तर्ज पर काम किया।
राहुल गांधी पर लगे केसों को बताया फर्जी
राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द करने की तैयारी 7 फरवरी को शुरू हो गई थी। क्योंकि राहुल गांधी ने लोक सभा में मोदी-गौतम अदाणी के रिश्तों की पोल खोल दी। पंजाब के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के साथ पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुप्रिया श्रीनेत ने भाजपा द्वारा राहुल गांधी के खिलाफ अन्य केसों को फर्जी बताते हुए कहा कि उनमें तुरंत कार्रवाई नहीं हो सकती थी।
भाजपा पर साधा निशाना
इसी कारण मोदी सरकार ने सूरत की कोर्ट का एक ऐसा केस ढूंढा, जिसमें राहुल गांधी को तुरंत सजा कराई जा सके, जबकि इस इस केस में याचिकाकर्ता ने स्वयं हाईकोर्ट में कानूनी कार्रवाई पर रोक के लिए अर्जी दी थी। लेकिन इस अर्जी को वापस करवाने के 15-20 दिन के अंदर कार्रवाई ही फैसले को रिजर्व कर दिया गया। फिर 23 मार्च 2023 को दो साज की सजा का फैसला आया। श्रीनेत ने कहा कि भारतीय न्यायपालिका के इतिहास में आज तक अवमानना के लिए कभी भी 2 साल की सजा नहीं मिली है। यदि यह सजा एक दिन भी कम रहती तो राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म नहीं होती।
सत्ता पक्ष नारेबाजी कर सदन नहीं चलने दे रहा
कांग्रेस नेत्री ने कहा, 75 साल में पहली बार सत्ता पक्ष नारेबाजी कर सदन नहीं चलने दे रहा। क्योंकि यदि सदन की कार्रवाई हुई तो मोदी-अदाणी का पर्दाफाश होगा। उन्होंने कहा, गौतम अदाणी पर आरोप है कि उनकी 38 शैल कंपनियों से 20,000 करोड़ रुपये मिले। बावजूद इसके सरकार इसकी जांच नहीं करना चाहती।
कांग्रेस निकालेगी संविधान बचाओ मार्च
राहुल गांधी की सदस्यता को खारिज करने के विरोध में पंजाब कांग्रेस ने सभी जिलों में संविधान बचाओ मार्च निकालने की तैयारी कर ली है। कांग्रेस के प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने बताया कि 30 मार्च को अमृतसर, 31 को जालंधर, 1 अप्रैल को पटियाला और 3 अप्रैल को लुधियाना में मार्च निकाला जाएगा। इस मार्च को लेकर राजा वड़िंग ने मंगलवार को पटियाला जिले में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के साथ बैठक भी की।