भाजपा की 10 साल की नाकामियों को गिनाएगी कांग्रेस, चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए बनाई रणनीति
कांग्रेस ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। उम्मीदवारों को भाजपा की 10 साल की नाकामियों को उजागर करने और अपनी जनहितकारी नीतियों को घर-घर पहुंचाने का निर्देश दिया गया।

कांग्रेस चुनाव मैनेजमेंट कमेटी ने की उम्मीदवारों के साथ बैठक।
HighLights
अध्यक्ष लक्की ने उम्मीदवारों को दिया जीत का मंत्र।
कांग्रेस अपने विकास के विजन को घर-घर पहुंचाएंगी।
मुद्दों पर संवाद कर समाधान का ठोस एजेंडा तैयार होगा।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने घोषित उम्मीदवारों और उनकी चुनावी टीमों के लिए विशेष चुनाव प्रबंधन प्रशिक्षण एवं रणनीति बैठक आयोजित की।
चंडीगढ़ कांग्रेस की चुनाव मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की ने उम्मीदवारों को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि हर वार्ड में भाजपा की दस साल की नाकामियों को तथ्यों के साथ जनता के सामने रखा जाए। साथ ही कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों और शहर के विकास को लेकर पार्टी के विजन को घर-घर तक पहुंचाया जाए।
लक्की ने कहा कि नगर निगम चुनाव केवल पार्षद चुनने का चुनाव नहीं है, बल्कि यह चंडीगढ़ के भविष्य, विकास और नागरिक सुविधाओं के साथ भाजपा के दस साल के कार्यकाल पर जनता का फैसला होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन में शहरवासियों को बड़े वादों और घोषणाओं के अलावा कुछ नहीं मिला। लोग बढ़ते टैक्स, महंगी नागरिक सुविधाओं, खराब सड़कों, सफाई व्यवस्था, पानी और सीवरेज की समस्याओं से परेशान हैं। नगर निगम की आर्थिक स्थिति भी लगातार कमजोर हुई है।
घर-घर जाकर करेंगे प्रचार
लक्की ने उम्मीदवारों को निर्देश दिए कि चुनाव प्रचार केवल पोस्टर, बैनर और बड़ी रैलियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक उम्मीदवार अपने वार्ड के हर घर तक पहुंचे और लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुने। उम्मीदवारों को अपने वार्ड के स्थानीय मुद्दों की पहचान कर उनके समाधान का ठोस एजेंडा तैयार करने को कहा गया।
इंटरनेट मीडिया पर भी भाजपा को घेरेंगे
बैठक में फेसबुक, इंस्टाग्राम और वाट्सएप सहित अन्य डिजिटल प्लेटफार्म पर प्रचार की रणनीति भी तैयार की गई। उम्मीदवारों को निर्देश दिए गए कि भाजपा के दावों और जमीनी हकीकत के बीच अंतर को तथ्यों और प्रमाणों के साथ जनता तक पहुंचाएं। पार्टी बूथ स्तर से लेकर सोशल मीडिया तक पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी।
नामांकन और चुनाव प्रबंधन की दी जानकारी
बैठक में उम्मीदवारों को नामांकन प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज, चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश, आदर्श चुनाव आचार संहिता और मतदान दिवस की तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई। लक्की ने आपसी तालमेल, अनुशासन और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव में पानी, सफाई, सड़क, सीवरेज, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट, आवारा पशुओं, डड्डूमाजरा, कालोनीवासियों के मालिकाना हक और शहर के समग्र विकास जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।
बैठक में चंद्रमुखी शर्मा, रविंदरपाली, विक्रम चोपड़ा, अछेलाल गौड़, गुरदर्शन सिंह, हरप्रीत जाखू, करणबीर सिंह, संजीव और मीनाक्षी चौधरी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, घोषित उम्मीदवार और उनके समर्थक मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।