शहर में गंभीर स्थिति के बीच गायब हुईं मेयर, वार्डों के लिए फंड जारी करे निगमः सतीश कैथ
कैंथ ने कहा कि सिर्फ प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी ही कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए कदम उठते दिखाई दे रहे हैं। मेयर की ओर से कोई भी कार्यवाही नहीं की जा रही।
चंडीगढ़, जेएनएन। कांग्रेस पार्षद सतीश कैथ ने नगर निगम कमिश्नर केके यादव को पत्र लिखकर कहा है कि कोरोना वायरस से निपटने के लिए उनके वार्ड नंबर-11 के लिए पांच लाख का फंड रिलीज किया जाए। यह राशि कर्फ्यू के दौरान जरूरी सामान खरीदने के लिए किया जाएगा और लोगों को मास्क व सैनिटाइजर भी वितरित किए जाएंगे।
कैंथ ने पत्र में यह भी कहा है कि मेयर राजबाला मलिक इस आपदा की स्थिति से पूरी तरह से गायब दिख रही है, जोकि हैरानी की बात है। कैंथ ने कहा कि सिर्फ प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी ही कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए कदम उठते दिखाई दे रहे हैं। मेयर की ओर से कोई भी कार्यवाही नहीं की जा रही। उन्होंने कहा है कि पंचकूला और मोहाली में भी गंभीर स्थिति बनी हुई है। ऐसे में पूरे शहर में स्थिति से काबू पाने के लिए लोगों को दवाइयां मास्क सैनिटरी आइटम बंटी जानी चाहिए, जिसकी शुरुआत उनके अपने वार्ड से की जानी चाहिए।
कोरोना से निपटने के लिए 24 घंटे करना होगा काम
कैथ ने पत्र में यह भी कहा है कि इस स्थिति में सभी मीटिंग खारिज कर दी गई हैं। ऐसे में वार्ड के विकास फंड से यह खर्चा किया जा सकता है। सभी पार्षदों को हर साल 80 लाख रुपए का वार्ड फंड मिलता है। उन्होंने कहा है कि नगर निगम को कोरोना वायरस से निपटने के लिए 24 घंटे काम करना चाहिए। इसलिए तत्काल प्रभाव से जरूरी सामग्री खरीद लेनी चाहिए। सतीश का कहना है कि वह कोई राजनीति नहीं कर रहे, लेकिन मेयर शहर में गायब दिख रही हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें