विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कांग्रेस में टिकटों पर महामंथन नहीं हो रहा खत्म, फूंक-फूंककर कदम रख रही पार्टी; BJP-AAP कई सीटों पर उतार चुके उम्मीदवार

Published: Sat, 28 Nov 2026 11:04 AM (IST)

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में कांग्रेस टिकटों को लेकर आंतरिक गुटबाजी के कारण उलझी हुई है, जबकि AAP और BJP ने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। पार्टी में बंसल, लकी और तिवारी गुटों के बीच खींचतान से मौजूदा पार्षदों के टिकट कटने और बगावत की आशंका है, जिस पर AAP की भी नजर है।

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव। फाइल फोटो

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव। फाइल फोटो

HighLights

  1. कांग्रेस टिकट वितरण में गुटबाजी के कारण देरी हो रही है।

  2. बंसल, लकी और तिवारी गुटों में टिकटों पर खींचतान जारी।

  3. मौजूदा पार्षदों के टिकट कटने से बगावत की आशंका है।

राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की टिकटों को लेकर चल रही खींचतान अब पार्टी के भीतर गुटबाजी का नया इम्तिहान बनती नजर आ रही है। आम आदमी पार्टी और भाजपा उम्मीदवारों की घोषणा कर चुनावी मैदान में उतर चुकी हैं, लेकिन कांग्रेस अभी तक टिकटों के नामों पर ही उलझी हुई है।

पार्टी की हालत ऐसी है कि चुनाव प्रचार की रणनीति बनाने से पहले उसे अपने नेताओं के बीच टिकटों को लेकर सहमति बनाने में पसीने छूट रहे हैं। भाजपा में टिकट घोषणा के बाद शुरू हुए विरोध को देखकर कांग्रेस नेतृत्व भी कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहता। पार्टी को आशंका है कि पहली सूची जारी होते ही उसके यहां भी बगावत का दौर शुरू हो सकता है।

अलग-अलग गुटों की पसंद और प्रभाव का भी बड़ा इम्तिहान

कांग्रेस की पहली सूची शनिवार को जारी होने की उम्मीद है। सांसद मनीष तिवारी विदेश दौरे से लौट रहे हैं। उनकी वापसी के बाद उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है। हालांकि इस बार टिकट वितरण केवल जीतने वाले उम्मीदवारों के चयन तक सीमित नहीं है, बल्कि पार्टी के भीतर अलग-अलग गुटों की पसंद और प्रभाव का भी बड़ा इम्तिहान माना जा रहा है।

टिकट वितरण में सीनियर नेताओं की अनदेखी करना भी कांग्रेस के लिए मुश्किल पैदा कर सकता है। इस समय आम आदमी पार्टी और भाजपा के उन उम्मीदवारों ने प्रचार शुरू कर दिया है जिनकी टिकट की घोषणा हो चुकी है जबकि कांग्रेस के अभी तक चुनाव प्रचार शुरू नहीं हुआ है क्योंकि उनकी टिकट की घोषणा नहीं हुई है।

बंसल गुट की चुप्पी, टिकट वितरण में खुलेगा पत्ता

कांग्रेस में इस समय बंसल गुट पूरी तरह शांत नजर आ रहा है। गुट की ओर से फिलहाल टिकटों को लेकर कोई बड़ी राजनीतिक सक्रियता दिखाई नहीं दे रही, लेकिन असली तस्वीर उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद ही सामने आएगी। टिकट वितरण से पता चलेगा कि संगठन में किस नेता की कितनी चली और किस गुट ने अपनी पसंद के उम्मीदवारों को टिकट दिलाने में बाजी मारी।

वहीं लकी गुट और तिवारी गुट के बीच टिकटों को लेकर अलग-अलग पसंद सामने आने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लकी मौजूदा पार्षदों के समर्थन में खड़े हैं, जबकि सांसद मनीष तिवारी के खेमे की ओर से कुछ मौजूदा पार्षदों के टिकट काटकर नए चेहरों को मौका देने की पैरवी की जा रही है। ऐसे में टिकटों की घोषणा के बाद यह भी साफ होगा कि मौजूदा पार्षदों को बचाने में लकी गुट सफल रहता है या बदलाव की पैरवी करने वाला तिवारी गुट भारी पड़ता है।

मौजूदा पार्षदों की टिकट कटने पर बढ़ेगी मुश्किल

कांग्रेस में कुछ मौजूदा पार्षदों के टिकट कटने की संभावना ने भी पार्टी नेतृत्व की चिंता बढ़ा दी है। जिन पार्षदों को दोबारा टिकट मिलने की उम्मीद है, उनमें से कुछ के नाम सूची से बाहर हो सकते हैं। यदि ऐसा हुआ तो केवल नए दावेदार ही नहीं, बल्कि टिकट से वंचित मौजूदा पार्षद भी बगावत का झंडा उठा सकते हैं। ऐसे नेताओं का चुनाव में निर्दलीय उतरना या किसी दूसरे दल का रुख करना कांग्रेस के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

सेक्टर-37, 38 और सेक्टर-44 से संबंधित महिला आरक्षित वार्डों में भी उम्मीदवारों को लेकर पेंच फंसा हुआ है। कई नेताओं को इन सीटों पर अपने पसंदीदा उम्मीदवार उतारने की उम्मीद है, लेकिन सहमति नहीं बन पा रही है।

आप की नजर असंतुष्टों पर

आम आदमी पार्टी की नजर भाजपा और कांग्रेस के नाराज नेताओं पर है। सेक्टर-15 से सुरेंद्र शर्मा के आप में शामिल होने के बाद पार्टी उन्हें भाजपा के सौरभ जोशी के मुकाबले उतारने की रणनीति पर विचार कर रही है। भाजपा में टिकटों के बाद पैदा हुए असंतोष और कांग्रेस में चल रही खींचतान से आप को राजनीतिक अवसर नजर आ रहा है।

कुल मिलाकर कांग्रेस की पहली सूची सिर्फ उम्मीदवारों के नामों का एलान नहीं होगी, बल्कि यह भी तय करेगी कि पार्टी में किस गुट का दबदबा है। बंसल गुट की चुप्पी, लकी और तिवारी गुट की पसंद तथा मौजूदा पार्षदों के टिकट का फैसला सामने आते ही कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति की असली तस्वीर साफ होगी। फिलहाल कांग्रेस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि वह भाजपा से मुकाबला करने से पहले अपने घर को बिखरने से कैसे बचाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।