दूसरे राज्याें से एससी प्रमाण पत्र पर नहीं लड़ सकते चंडीगढ़ निगम चुनाव, आयोग के फैसले को कोर्ट में चुनौती देगी कांग्रेस
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में अनुसूचित जाति (एससी) प्रमाणपत्र संबंधी स्टेट इलेक्शन कमीशन के निर्णय पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है। पार्टी इस फैसले को समान अधिकारों के विरुद्ध मानती है और इसे अदालत में चुनौती देने की तैयारी कर रही है।

नगर निगम चुनाव के लिए 23 दिसंबर को होगा मतदान। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
कोर्ट में रिट याचिका दाखिल की जाएगी।
फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की।
अदालत में रिट याचिका से चुनौती देगी।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। 23 दिसंबर को होने वालेचंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में अनुसूचित जाति (एससी) प्रमाणपत्र को लेकर स्टेट इलेक्शन कमीशन के फैसले पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है।
कांग्रेस ने आयोग के इस निर्णय को समान अधिकारों के खिलाफ बताते हुए इसे अदालत में चुनौती देने का फैसला किया है। पार्टी की ओर से शुक्रवार को इस संबंध में कोर्ट में रिट याचिका दाखिल की जाएगी।
कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव से ठीक एक दिन पहले जारी अधिसूचना के माध्यम से चंडीगढ़ से बाहर के राज्यों में बने एससी प्रमाणपत्र रखने वाले और चंडीगढ़ के बोनाफाइड निवासी नहीं होने वाले लोगों को चुनाव लड़ने से बाहर कर दिया गया है।
पार्टी का कहना है कि उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश या देश के किसी भी अन्य राज्य से जारी वैध एससी प्रमाणपत्र रखने वाले व्यक्ति को चुनाव लड़ने से वंचित नहीं किया जा सकता, बशर्ते उसकी जाति चंडीगढ़ में मान्यता प्राप्त 36 अनुसूचित जातियों की सूची में शामिल हो।
कांग्रेस प्रतिनिधियों ने कहा कि पहले भी नगर निगम चुनावों में दूसरे राज्यों से जारी एससी प्रमाणपत्र रखने वाले लोग चुनाव लड़ते रहे हैं। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के ठीक पहले नियमों में इस तरह की व्यवस्था करना उचित नहीं है। इससे विभिन्न राज्यों से चंडीगढ़ आकर बसे अनुसूचित जाति के लोगों के अधिकार प्रभावित होंगे।
पार्टी ने चुनाव आयोग और चंडीगढ़ प्रशासन से फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि राजनीतिक दल किसे टिकट देते हैं, यह उनका आंतरिक निर्णय है, लेकिन चुनाव लड़ने के अधिकार में किसी के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। अदालत में याचिका दाखिल कर पार्टी इस फैसले पर रोक लगाने और इसे वापस लेने की मांग करेगी।