यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 13, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Punjab सहित उत्तर भारत में कल से और कंपकंपाएगी ठंड, 19 जनवरी तक शीतलहर का चलेगा दौर
इस बार ठंड और शीतलहर का दौर 19 जनवरी तक चलने का अनुमान है। लाइव वेदर आफ इंडिया के संस्थापक ...और पढ़ें

चंडीगढ़, जागरण संवाददाता : उत्तर भारत में ठंड से परेशान लोगों को राहत मिलती नहीं दिख रही है। इस बार ठंड और शीतलहर का दौर 19 जनवरी तक चलने का अनुमान है। लाइव वेदर आफ इंडिया के संस्थापक नवदीप दहिया ने अनुमान जताया है कि 16 से 18 जनवरी के दौरान तीन दिन में भीषण ठंड का सामना करना पड़ सकता है। हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा में शीतलहर की स्थिति रहने की संभावना है। वहीं कोहरे के कारण कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
मनाली में दो इंच हिमपात
हिमाचल प्रदेश व कश्मीर में वीरवार को हिमपात हुआ। शनिवार से ठंड व शीतलहर और ज्यादा परेशान कर सकती है। कई जगह तापमान शून्य से नीचे जा सकता है। हिमाचल के मनाली स्थित अटल टनल के साउथ पोर्टल में डेढ़ व नार्थ पोर्टल में आधा फीट हिमपात दर्ज किया गया। वहीं मनाली में दो इंच हिमपात हुआ, जबकि सोलंगनाला व अंजनी महादेव में भी बर्फ गिरी।
हिमपात के कारण हिमाचल में लगभग 150 सड़कें बंद
जम्मू कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग, सोनमर्ग व अन्य क्षेत्रों में भी हिमपात होता रहा। मनाली में हिमपात होने से अब धूप निकलने के बाद ही सोलंगनाला तक पर्यटक भेजे जाएंगे। लाहुल स्पीति में बर्फ से सभी मार्गों में यातायात प्रभावित हुआ है। हिमपात के कारण हिमाचल में लगभग 150 सड़कें बंद हैं। कश्मीर के कुपवाड़ा-करनाह व बांडीपोरा-गुरेज मार्ग बर्फबारी के चलते वाहनों के लिए बंद रहे। पहाड़ों में हिमस्खलन का खतरा पैदा हो गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार को उस पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो जाएगा, जिसके कारण अभी तापमान बढ़ रहा है। शनिवार से तापमान में फिर से गिरावट शुरू होगी।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में वीरवार को हिमपात हुआ
श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनमर्ग के पास सारबल (बालटाल) में वीरवार को हिमस्खलन में दो श्रमिकों की मौत हो गई। एक लापता है। तीनों श्रमिक जोजि ला सुरंग के निर्माण कार्य में लगे थे। सेना और प्रदेश आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के बचावकर्मियों ने लापता श्रमिक को खोजने के लिए अभियान चला रखा है। दोनों मृतक किश्तवाड़ के थे। सोनमर्ग के पास बालटाल में हुए हिमस्खलन का दृश्यl एएनआइ
