पंजाब में सर्दी और कोहरे ने किया बुरा हाल, तापमान शून्य के करीब, अमृतसर सबसे ठंडा
पंजाब में ठंड अौर कोहरे ने लोगों का बुरा हाल कर दिया गया है। राज्य में तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है। अमृतसरा सबसी ठंडी जगह है और यहां तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस पर है।
चंडीगढ़, जेएनएन। पंजाब में शीतलहर और कोहरे ने लोगों का बुरा हाल कर दिया है। पहाड़ों में लगातार हो रही बर्फबारी से पंजाब के मैदानी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड जारी है। राज्य में तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है। सुबह और शाम को ठंड के कारण घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सर्द हवाओं के कारण कंपकंपाहट बढ़ गई है। इससे छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।
अमृतसर राज्य में सबसे ठंडा है। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह दूसरी बार है, जब न्यूनतम तापमान एक डिग्री से नीचे लुढ़का। इससे पहले पिछले साल दिसंबर में भी न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का था। बठिंडा, फिरोजपुर, जालंधर अौर कपूरथला में तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अमृतसर में पारा 0.4 पर, बठिंडा, फिरोजपुर, जालंधर व कपूरथला में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस
इंडिया मैट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट चंडीगढ़ के पूर्वानुमान की मानें तो 20 से 23 जनवरी के बीच राज्य में फिर से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा। दिन में बादल छाए रहने के साथ-साथ धूल भरी हवाएं और हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि 25 जनवरी के बाद से मौसम फिर से पूरी तरह साफ हो जाएगा।
मौसम की खराबी के चलते 11 घंटे देरी से उड़ी बैंकॉक की फ्लाइट
अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मौसम में खराबी के चलते गोवा से अमृतसर होते हुए बैंकॉक की फ्लाइट वीरवार को करीब 11 घंटे देरी से उड़ान भर सकी। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार स्पाइस जेट की गोवा की फ्लाइट संख्या एसजी 282 / 89 मध्यरात्रि करीब 12.40 बजे एसजीआरडी एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद तड़के 4 बजे बैंकॉक के लिए उड़ान भरती है। लेकिन वीरवार को मौसम की खराबी के चलते गोवा से अमृतसर के लिए उड़ान भरने वाली यह फ्लाइट दिल्ली एयरपोर्ट पर ही लैंड कर गई। यह फ्लाइट वीरवार को सुबह करीब 10.30 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड की और यहां से बैंकॉक के लिए इस फ्लाइट ने सायं 3 बजे टेक आफ किया।
----------
कहां कितना तापमान
अमृतसर : 0.4 डिग्री सेल्सियस
बठिंडा : 3.0 डिग्री सेल्सियस
फिरोजपुर : 3.0 डिग्री सेल्सियस
जालंधर: 3.0 डिग्री सेल्सियस
कपूरथला : 3.0 डिग्री सेल्सियस
लुधियाना : 4.0 डिग्री सेल्सियस
पठानकोट : 4.8 डिग्री सेल्सियस
पटियाला : 6 डिग्री सेल्सियस